पटना में कांग्रेस का वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान शुरू, पांच करोड़ हस्ताक्षर जुटाने की मुहिम
कांग्रेस ने वोट चोर गद्दी छोड़ नामक एक महीने का हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है जो 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य वोट चोरी के खिलाफ लोगों को जागरूक करना और पांच करोड़ हस्ताक्षर प्राप्त करना है। इन हस्ताक्षरों को राष्ट्रपति और चुनाव आयोग को सौंपा जाएगा।

राज्य ब्यूरो, पटना। वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी के नेतृत्व में एक पखवारे तक चली वोटर अधिकार यात्रा के बाद कांग्रेस ने अब महीने भर का 'वोट चोर गद्दी छोड़' नामक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। 15 सितंबर से शुरू यह अभियान 15 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है। जिला, ब्लाक और मंडल स्तर पर यह अभियान चलेगा। इस अभियान के जरिए वोट चोरी के खिलाफ पार्टी के नेता-कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करेंगे और उनसे इस मुहिम के समर्थन में पांच करोड़ लोगों के हस्ताक्षर प्राप्त करेंगे।
आमजन के इन हस्ताक्षरों को राष्ट्रपति और चुनाव आयोग को सौंपा जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने जिला और मंडलों को भेजे निर्देश में कहा है कि जिला, ब्लाक और मंडल स्तर के पदाधिकारी अपने क्षेत्र में अभियान का नेतृत्व करेंगे। जिसमें सभी नेताओं-कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा है कि अभियान सुव्यवस्थित और जनसंपर्क पर आधारित होगा। जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अखिल भारतीय कांग्रेस को भेजी जाए। राजेश राम ने कहा है कि अभियान सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष है।
अदाणी समूह को जमीन देने के खिलाफ 18 को कांग्रेस का मार्च
कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र की मोदी सरकार ने अदाणी समूह को भागलपुर में एक रुपये की वार्षिक लीज पर 1050 एकड़ जमीन और 10 लाख पेड़ दिए हैं। कांग्रेस ने इसे बिहार के किसानों के साथ अन्याय और बिहार की जनता के साथ बड़ी लूट बताया है। अब पार्टी ने इसके खिलाफ 18 सितंबर को पटना में मार्च आयोजित किया है। यह मार्च सदाकत आश्रम से शुरू होकर राजेंद्र प्रसाद के समाधि स्थल तक जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।