Bihar News: ट्रैफिक पुलिस को CM नीतीश का तोहफा, 71 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यातायात थानों के लिए 71 नए पुलिस वाहनों का लोकार्पण किया। इन वाहनों का उपयोग यातायात नियंत्रण सुरक्षा और दुर्घटना नियंत्रण में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पुलिस की कार्य क्षमता बढ़ेगी और कानून व्यवस्था बेहतर होगी। सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन में भी सुधार होगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्रियों और कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

राज्य ब्यूरो, पटना। सीएम नीतीश कुमार ने शनिवार को यातायात थानों व यातायात पुलिस उपाधीक्षकों के लिए 71 पुलिस वाहनों का लोकार्पण किया। एक अणे मार्ग से इन वाहनों को हरी झंडी दिखायी गयी।
इन नए पुलिस वाहनों के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों के नेशनल हाइवे, स्टेट हाइवे व शहरों में यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था से ट्रैफिक मॉनिटरिंग, दुर्घटना नियंत्रण और ट्रैफिक नियमों के पालन पर भी नजर रखी जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने पुलिस वाहनों के लोकार्पण के पूर्व उसका निरीक्षण किया और उसकी कार्य प्रणाली के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पुलिस वाहनों की उपलब्धता से राज्य में पुलिसिंग की कार्य क्षमता तथा दक्षता और बढ़ेगी।
इससे विधि व्यवस्था को नियंत्रित करने में सहूलियत होगी। राज्य के विभिन्न जिलों में यातायात व्यवस्था इससे और सुदृढ़ होगी। सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन और बेहतर होगा। कार्यक्रम की शुरूआत में पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिंहा, जल संसाधन सह संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ और गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी मौजूद रहे।
इसके अलावा, अपर पुलिस महानिदेशक, स्पेशल ब्रांच सुनील कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय कुंदन कृष्णन, अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात सुधांशु शेखर, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रोविजनिंग अजिताभ कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री कुमार रवि व कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।