Bihar: शिक्षक भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोपों पर CM नीतीश ने कही ये बात, मोदी सरकार के नियुक्ति पत्र पर कसा तंज
शिक्षक भर्ती परीक्षा में धांधली के आरोपों पर चुप्पी तोड़ते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा नेताओं को उनके केंद्रीय नेतृत्व द्वारा हमारे खिलाफ दुष्प्रचार करने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह कह रहे हैं कि बीपीएससी के माध्यम से हुई शिक्षकों की बहाली में गड़बड़ी हुई है लेकिन जब ये लोग साथ में थे तो कभी इस तरह की बात नहीं बोलते थे।

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेता अपने केंद्रीय नेतृत्व के कहने पर राज्य सरकार की बेवजह आलोचना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेताओं को केंद्रीय नेतृत्व द्वारा हमारे खिलाफ दुष्प्रचार करने के लिए कहा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वह कह रहे हैं कि बीपीएससी के माध्यम से हुई शिक्षकों की बहाली में गड़बड़ी हुई है, लेकिन जब ये लोग साथ में थे, तो कभी इस तरह की बात नहीं बोलते थे।
राज्य में हो रहा बढ़िया काम
नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में बढ़िया काम हो रहा है। बहुत अच्छे ढंग से बहाली हो रही है। सबकुछ निष्पक्ष तरीके से हो रहा है। इतने बड़े पैमाने पर नियुक्तियां हो रही हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को बिजली कंपनी के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। नीतीश ने कहा कि सभी लोग बहुत मेहनत से काम कर रहे हैं।
युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र का वितरण भी किया जा रहा है।
नियुक्ति पत्र को लेकर केंद्र पर कसा तंज
मोदी सरकार पर तंज कसते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा यदि 50 हजार नियुक्ति पत्र का भी वितरण किया जाता है, तो समाचार पत्रों में बड़ी-बड़ी सुर्खियां बन जाती हैं, जबकि हमलोगों के विकास कार्यों की चर्चा बहुत कम की जाती है।
दो नवंबर को राज्य सरकार एक लाख 20 हजार शिक्षक अभ्यर्थियों को नियुक्ति दे रही है। यह बात भी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए।
व्यक्तिगत रूप से नहीं लेते किसी काम का क्रेडिट
अपने कार्यकर्ता से आग्रह करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से इस बात को लोगों तक पहुंचाएं। हम व्यक्तिगत रूप से किसी काम का क्रेडिट नहीं लेते हैं, क्योंकि राज्य सरकार द्वारा ही विकास के कार्य किए जाते हैं।
मीडिया को लेकर जताई नाराजगी
उन्होंने कहा कि हमारे विकास कार्यों को मीडिया में कम जगह मिलती है। इसकी हमें कोई चिंता भी नहीं है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हम आपलोगों से नाराज नहीं हैं। हम आपलोगों की प्रशंसा करते हैं।
आपलोगों (पत्रकारों) के साथ केंद्र के द्वारा जो अन्याय हो रहा है, उससे हम खुश नहीं हैं। हम तो आपलोगों के पक्षधर हैं। हम तो बराबर कहते हैं कि जब आपलोगों को उनलोगों से मुक्ति मिल जाएगी तो अपना अधिकार मिल जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।