Bihar Politics: चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा, अपने लोकसभा क्षेत्र को लेकर की बड़ी मांग
लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर राघोपुर को बाढ़ग्रस्त घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गंडक नदी में जलस्तर बढ़ने से राघोपुर में बाढ़ की स्थिति गंभीर है जिससे हजारों लोग प्रभावित हैं और फसलें नष्ट हो गई हैं। चिराग ने पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत और सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है।

राज्य ब्यूरो, पटना। लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिख राघोपुर को बाढ़ग्रस्त घोषित करने की मांग की है।
चिराग ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में कहा है कि हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र का सांसद होने के नाते क्षेत्र की जनसमस्याओं से वह उन्हें अवगत कराना चाहते हैं। वर्तमान में राघोपुर प्रखंड के कई गांव बाढ़ की विभीषिका से गंभीर रूप से प्रभावित हैं।
गंडक व अन्य नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण यहां की सड़क संपर्क व्यवस्था, कृषि कार्य और आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। हजारों की संख्या में लाेग अपने घरों से विस्थापित होकर अस्थायी आश्रयाें में रहने को मजबूर हैं।
स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है किंतु स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यह अति आवश्यक है कि राघोपुर को शीघ्र बाढ़ग्रस्त घाेषित किया जाए।
चिराग ने मुख्यमंत्री को लिखा है कि तत्काल इस विषय को संज्ञान में लिया जाए ताकि पीड़ित परिवारों को अधिकतम सहायता व राहत सामग्री प्रदान करायी जा सके।
बता दें कि राघोपुर प्रखंड में गंगा नदी की बाढ़ ने भीषण तबाही मचाई है। हजारों एकड़ में लगी मक्का, अरहर, धान, जनेरा, सब्जी, फूल और केले की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। तेरसिया और सरायपुर पंचायतों में सैकड़ों एकड़ केले के पौधे डूबकर सूख गए।
बाढ़ का पानी फैलने से प्रखंड के सभी 20 पंचायत प्रभावित हैं। खेतों और बर्बाद फसलों को निहारते किसानों की आंखों में आंसू हैं। किसानों ने बताया कि उन्होंने मेहनत और भारी खर्च से फसलें लगाई थीं, लेकिन अचानक आई बाढ़ ने सब कुछ खत्म कर दिया।
कभी सूखा और तो की बाढ़ से किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। फसल नष्ट होने के बाद वे कर्ज चुकाने और परिवार का भरण-पोषण करने को लेकर चिंतित हैं।
यह भी पढ़ें- Katihar News: बाढ़ से सड़कें हो गई जलमग्न, मरीजों को खाट पर लेकर अस्पताल पहुंच रहे लोग
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।