यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Modi 3.0 बनने से पहले ही Chirag Paswan का बड़ा बयान, क्या दिल्ली से मिल गया ऑफर?
चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने लोकसभा चुनाव में बिहार में एनडीए (NDA) को जीत दिलाने के लिए जनता को धन्यवाद ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, पटना। लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान ने लोकसभा चुनाव में बिहार में एनडीए को जीत दिलाने के लिए जनता को धन्यवाद दिया है। बुधवार को चिराग ने पत्रकारों से कहा कि एनडीए पूरी तरह से एकजुट है और उनकी पार्टी एनडीए का हिस्सा बनी रहेगी। बिहार की जनता ने हमारी पार्टी के सभी पांच उम्मीदवारों को जीत दिलायी है। इसके लिए हम जनता के प्रति आभार प्रकट करते हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में चिराग पासवान ने कहा कि किसी को कोई ऑफर नहीं मिला है। हम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूती से सरकार बनाएंगे। शपथ लेने की तैयारी है। ये सरकार पांच साल तक चलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को सही दिशा और नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं और देश हर क्षेत्र में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। वहीं, चिराग पासवान दिल्ली में एनडीए की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना होने से पहले बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जाकर अपने सांसदों के साथ मुलाकात की।
क्यों बढ़ी भाजपा की टेंशन?
बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा अपने दम पर बहुमत पाने में नाकामयाब रही है। भाजपा को इस बार सिर्फ 240 सीटों पर भी संतोष करना पड़ा है।
बिहार की बात करें तो यहां भाजपा और जदयू दोनों को ही 12-12 सीटें मिली है, वहीं चिराग पासवान की रालोसपा सभी 5 सीटें जीतने में कामयाब हैं।
किंगमेकर बने नीतीश और नायडू
नई सरकार के गठन में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू और आंध्रप्रदेश के चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी की अहम भूमिका रहने वाली है। पूर्ण बहुमत नहीं मिलने पर भाजपा की इन दोनों दलों पर निर्भरता बढ़ सकती है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा भाजपा इन दोनों दिग्गज नेताओं के साथ कैसे सामंजस्य बना कर रखती है।