बिहार में अब लीजिए जू सफारी का मजा, नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन; शेर, बाघ सहित कई जंगली जानवर हैं यहां
Rajgir Wild Life Zoo Safari बिहार के लोगों को अब वाइल्ड लाइफ जू सफारी का मजा मिल सकेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को इसका उद्घाटन कर दिया। यहां बाघ शेर सहित कई किस्म के जंगली जानवरों को नजदीक से देखा जा सकेगा।

राजगीर (नालंदा), संवाद सहयोगी। Rajgir Wild Life Zoo Safari: बिहार के लोगों को अब वाइल्ड लाइफ जू सफारी का मजा मिल सकेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को इसका उद्घाटन कर दिया। यहां शेर, बाघ और भालू सहित कई तरह के जंगली जीव अपने प्राकृतिक आवास में भ्रमण करते नजर आएंगे। विशेष किस्म के वाहनों पर सवार होकर पर्यटक यहां जंगली जानवरों को घूमते-फिरते काफी नजदीक से देख सकेंगे। यहां खतरनाक जंगली जानवरों को पिंजरे या उनके बाड़े से बाहर देखना आनंददायक होगा।
177 करोड़ रुपए की लागत से हुआ है निर्माण
नालंदा जिले के राजगीर में बने बहुप्रतीक्षित वाइल्ड लाइफ जू सफारी का उद्घाटन बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने एक-एक चीज को गहन तरीके से देखा और अधिकारियों से हर मसले पर जानकारी ली। अपने पुराने निर्देशों के अमल के बारे में भी जाना। उन्होंने 177 करोड़ रुपए की लागत से बने जू सफारी का उद्घाटन फीता काटकर किया। इसके बाद सीएम विशेष बस से जू सफारी का मुआयना करने निकल गए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से यहां रखे गए जंगली जानवरों के बारे में जानकारी ली साथ ही पर्यटकों की सुरक्षा के लिए किए गए उपायों के बारे में भी पूछा।
सफारी के मेन एंट्रेंस, रिसेप्शन कैंपस एरिया, टिकट काउंटर से लेकर जीव- जंतुओं के बाड़ों तक के आवागमन के पाथ-वे सहित जू सफारी को सजाया-संवारा गया है। मांसाहारी जंगली जानवरों में शेर, रायल बंगाल टाइगर, भालू, तेंदुआ के अलावा शाकाहारी हिरण, सांभर, ब्लैक बक, चीतल, हाग डियर राजगीर के पर्यावरण में घुल मिलकर अपने-अपने बाड़ों में स्वस्थ और मस्त हैं।
बीते 2017 की 17 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर के सोनागिरी पर्वत की तराई में वाइल्ड लाइफ जू सफारी का शिलान्यास किया था। 191 हेक्टेयर में फैले जू सफारी की निर्माण लागत 177 करोड़ आई है। नेचर सफारी के बाद यह राजगीर का दूसरा बड़ा आकर्षण होगा। यह प्रोजेक्ट 2020 में ही पूरा हो जाना था परंतु कोरोना संक्रमण व लाकडाउन के कारण देर हुई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।