Wheat New Price: बिहार में जारी हुआ गेहूं का नया रेट, एक अप्रैल से नई कीमत पर होगी खरीददारी
बिहार में रबी विपणन वर्ष 2025-26 के लिए गेहूं की खरीद 2425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। इस संबंध में नया नोटिफिकेशन जारी किया गया है। किसानों को समर्थन मूल्य का भुगतान उनके बैंक खाते में 48 घंटे के अंदर कर दिया जाएगा। गेहूं की उत्पादकता को देखते हुए अधिक उत्पादन करने वाले जिलों में अधिक केंद्र स्थापित किए गए हैं।

जागरण संवाददाता, पटना। वर्ष 2025-26 में गेहूं की अधिप्राप्ति 2425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदारी होगी। एफपीओ के माध्यम से गेहूं की खरीदारी की जाएगी। इसके लिए 151 क्रय केंद्र खोले जाएंगे।
जहां एक अप्रैल से 15 जून तक खरीदारी की जाएगी। यह बातें भारतीय खाद्य निगम क्षेत्रीय कार्यालय पटना की ओर से मंडल कार्यालय दीघा घाट में रबी विपणन वर्ष 2025-26 के तहत गेहूं अधिप्राप्ति को लेकर जानकारी देते हुए जीएम क्षेत्र अमित भूषण ने दी।
उन्होंने कहा कि एफपीओ अपने सदस्य किसानों को भारतीय खाद्य निगम के गेंहू खरीद-अधिप्राप्ति केंद्र पर लाने के लिए प्रेरित करें।
कमीशन भी मिलेगा
- किसान के खाते में उसी दिन समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान कर दिया जाएगा तथा सम्बंधित किसान उत्पादक संघठन (एफपीओ) को सरकार की भागीदारी करने के फलस्वरूप 27 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से कमीशन भी दिया जाएगा।
- उन्होंने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2025-26के दौरान राज्य सरकार भी लगभग 5000 गेहूं खरीद केन्द्र स्थापित करेगी। बिहार में 2.00 लाख टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को समर्थन मूल्य का भुगतान उनके बैंक खाते में 48 घंटे के अंदर कर दिया जायेगा।
इन जिलों में स्थापित किए गए केंद्र
गेहूं की उत्पादकता को देखते हुए अधिक उत्पादन करने वाले जिलों जैसे रोहतास, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, बक्सर, भोजपुर, सिवान, गया, सारण, नालंदा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, सासाराम, गोपालगंज, औरंगाबाद, बेगुसराय, पटना, दरभंगा ईत्यादि जिलों में अधिक केंद्र स्थापित किये गए हैं।
इस अवसर पर उप महाप्रबंधक(अधिप्राप्ति) सुशील कुमार सिंह, राष्ट्रीय सह प्रमुख (सेवा भारती) प्रियदर्शी पुनीत, क्षेत्रीय निदेशक एनसीडीसी पटना श्वेता कुजूर, मंडल प्रबंधक पटना कुमार अभिषेक भी थे।
खेतीबाड़ी की नई तकनीक की जानकारी के साथ मिला सम्मान
नवादा में जिला मुख्यालय के सरकारी आइटीआइ परिसर में शनिवार को “दैनिक जागरण” की ओर से दो दिवसीय कृषि मेला सह यशस्वी किसान सम्मान समारोह 2025 का आयोजन किया गया।
इस समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि रहे जिला कृषि पदाधिकारी संतोष कुमार सुमन, विशिष्ट अतिथि सह जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार, पैक्स अध्यक्ष रामनरेश सिंह, अर्थशास्त्री प्रो. बच्चन कुमार पाण्डेय, सदर प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार, केवीके कृषि विज्ञानी रोशन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कृषि मेला में विभिन्न प्रखंडों से प्रगतिशील किसान, पान उत्पाद, कृषि उद्यमी, पशुपालक और मत्स्यपालक पहुंचे। समारोह को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी संतोष कुमार सुमन ने कहा कि सरकार किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिससे उनके फसलों की उपज में उत्तरोत्तर वृद्धि हुई है।
कृषि विभाग जिले के किसानों को खेतीबाड़ी की नई तकनिकियों की जानकारी दे रहा है। फसलों के नए-नए प्रभेदों से उत्पादन में आशातीत बढ़ोतरी हुई है। बावजूद बड़ी संख्या में किसानों को जागरूक करना जरूरी है।
जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि “दैनिक जागरण” की ओर से कृषि मेला सह यशस्वी किसान सम्मान समारोह का आयोजन एक सराहनीय पहल है, जो किसानों को खेतीबाड़ी की नई तकनीक की जानकारी देने के साथ ही सम्मान भी दे रहा है।
इधर, जिला पशुपालन पदाधिकारी डा. दीपक कुमार ने कृषकों को पशुपालन अपनाकर आय में अतिरिक्त वृद्धि करने के उपाय बताएं। बकरी, भेड़, गाय, भैंस, सुअर, कुक्कुट, मछलीपालन आदि के बारे में नई-नई जानकारियां दी, साथ ही कृषकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।