बिहार में कोल्ड डे जैसे हालात, इन इलाकों में अधिक सताएगी ठंड; पटना मौसम केंद्र ने किया अलर्ट
Bihar Weather Update बिहार में वर्ष के पहले दिन शनिवार को मौसम का मिजाज खासा बदला रहा। सुबह से ही आकाश में बादलों का घेरा बना रहा। दिन भर लोगों को धूप का दर्शन नहीं हुआ। इसके कारण ठिठुरन बढ़ी रही।

पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Update: बिहार में वर्ष के पहले दिन शनिवार को मौसम का मिजाज खासा बदला रहा। सुबह से ही आकाश में बादलों का घेरा बना रहा। दिन भर लोगों को धूप का दर्शन नहीं हुआ। इसके कारण ठिठुरन बढ़ी रही। अन्य दिनों की तुलना में शनिवार को लोगों ने ठंड ज्यादा महसूस की। पटना के अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश का अधिकतम तापमान एक डिग्री की गिरावट के साथ 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ, यह 12.0 डिग्री बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार सतह से 1.5 किमी उपर पछुआ व उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह बना हुआ है। जिसके प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट के आसार हैं। वहीं बिहार के कुछ स्थानों पर सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है।
यह भी पढ़ें: राशिफल 2022: आपके लिए कैसा रहेगा नया साल? क्या कहते हैं आपके सितारे?
48 घंटों के अंदर और बढ़ेगी ठंड
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बने होने के साथ न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री एवं अधिकतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। 9.0 डिग्री सेल्सियस के साथ फारबिसगंज प्रदेश का ठंडा शहर रहा। मौसम विज्ञानी की मानें तो पछुआ हवा के प्रभाव के कारण 48 घंटों में ठंड बढऩे के आसार है। इस दौरान आसमान तो साफ रहेगा लेकिन रात के तापमान गिरावट होने का पूर्वानुमान है।
आज घोषित हो सकता कोल्ड-डे
प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। शनिवार को राजधानी में दिनभर कोहरा छाया रहा। रविवार को भी इसी तरह की स्थिति बनी रही तो कोल्ड डे घोषित किया जा सकता है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि लगातार दो दिनों तक राजधानी का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में अन्तर चार डिग्री सेल्सियस रहा तो कोल्ड डे घोषित किया जा सकता है। शनिवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिहार के प्रमुख शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
- पटना 21.2 12.0
- गया 20.6 10.2
- मुजफ्फरपुर 20.0 13.6
- भागलपुर 19.0 12.0
- मोतिहारी 21.0 12.0
- औरंगाबाद 20.0 12.0
- (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।