पीएम मोदी और उनकी मां के AI वीडियो पर बवाल, भाजपा ने खोला मोर्चा; कांग्रेस ने किया पलटवार
बिहार कांग्रेस के एआई वीडियो में पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां के चित्रण पर सियासी घमासान मचा है। एनडीए ने कांग्रेस पर अपमानजनक वीडियो जारी करने का आरोप लगाया है वहीं महागठबंधन ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा मुद्दाविहीन हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वीडियो में कोई अपमान नहीं किया गया सिर्फ नसीहत दी गई है।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार कांग्रेस के एआई जनरेटेड वीडियो में पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां की आकृति दिखाए जाने के बाद बिहार की राजीति में घमासान मच गया है।
बिहार विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया के बीच इस वीडियो ने पक्ष-विपक्ष को एक-दूसरे के सामने लाकर खड़ा कर दिया है।
एक ओर एनडीए आरोप लगा रहा है कि विपक्ष राजनीति में अपनी निर्लज्जता की पराकाष्ठा पर पहुंच गया है तो वहीं महागठबंधन के नेता कह रहे हैं जिनके पास कोई मुद्दा नहीं वे ऐसी बातें करते हैं। छुईमुई बनकर राजनीति करना पीएम मोदी-भाजपा की आदत बन गई है।
सत्ता पक्ष का आरोप
पीएम की मां पर अपमानजनक वीडियो जारी करना शर्मनाक : सम्राट चौधरी
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत मां को अपशब्द कहे जाने पर माफी मांगने के बजाय उसी अपमानजनक दुर्भावना के साथ अब प्रदेश कांग्रेस की ओर से एक एआई वीडियो जारी करना शर्मनाक है।
वीडियो के माध्यम से देश की सबसे पुरानी पार्टी ने सार्वजनिक जीवन की मर्यादा की आखिरी डोरी भी तोड़ दी। बिहार की जनता कांग्रेस को जीरो पर आउट कर इस अपमान का जवाब देगी।
एक मां के अपमान का वीडियो जारी कर कांग्रेस ने स्वीकार कर लिया है कि बिहार में राहुल गांधी की गाली-गलौज यात्रा के दौरान दरभंगा में महागठबंधन के मंच से प्रधानमंत्री को मां की गाली देना कोई गलती या संयोग नहीं, बल्कि प्रयोग था।
मैं नेहरू-माउंटबेटन का एआई वीडियो बनाऊं तो वे क्या करेंगे : गिरिराज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह देखना वाकई दर्दनाक था। धोखेबाज कांग्रेस-राजद के लोगों ने पीएम मोदी की दिवंगत मां का अपमान किया। एआई तकनीक के जरिए उन्होंने उनसे हल्की बातें कहलवाई और बहुत घटिया काम किया। अगर मैं नेहरू एवं माउंटबेटन का एआई वीडियो बनाऊं तो वे क्या करेंगे?
एनडीए की लहर देख कांग्रेस हताशा के चरम पर : संजय झा
जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि बिहार में एनडीए की प्रचंड लहर को देखने के बाद कांग्रेस के नेता हताशा के चरम पर पहुंच गए हैं। खबरों में बने रहने के लिए उन्हें सिर्फ एक तरीका सूझ रहा है-देश के प्रधानमंत्री और उनकी माताजी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करो।
संजय झा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माताजी का एआई से तैयार वीडियो शेयर करना अत्यंत ही नीच हरकत है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मुक्त बिहार तय है।
कांग्रेस ने नैतिकता और मर्यादा को त्याग दिया है : उमेश
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस ने नैतिकता और मर्यादा का पूर्ण रूप से त्याग कर दिया है। कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माताजी को लेकर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जारी किए गए एआई निर्मित वीडियो पूरी तरह से निंदनीय है।
भाजपा नेत्रियों ने कहा कांग्रेस की नियति बन गई है महिलाओं का अपमान
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में राजग नेत्रियों ने कहा कि महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस की नियति बन गई है।
एमएलसी अनामिका सिंह पटेल ने कहा कि यह विषय भाजपा या देश के पीएम का नहीं है, यह विषय दिवंगत आत्मा का है, जिनका शरीर इस पृथ्वी को छोड़ चुका है।
उनके लिए ऐसी बातें करना निदंनीय है। जदयू की अनुप्रिया ने कहा कि सही तरीके से देखें तो इस विषय पर चर्चा करना ही चिंता की बात है।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा की स्मिता शर्मा ने कहा कि विपक्ष बार-बार पीएम मोदी की दिवंगत माता को अपमानित करने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अगर कोई मुद्दा नहीं है, तो वह सरेंडर कर दे। राष्ट्रीय लोक मोर्चा की अनिता कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस और राजद इस शर्मनाक एक्स पोस्ट के लिए माफी मांगे।
विपक्ष ने किया पलटवार
अपमान कहां किया, मां-बाप नसीहतें तो देते ही हैं : पवन खेड़ा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज किया और कहा कि जिस वीडियो का हवाला देकर कांग्रेस पर आरोप लगाए जा रहे हैं उस वीडियो में किसी का अपमान नहीं किया गया है।
नसीहत देना माता-पिता का कर्तव्य होता है। अगर माता-पिता नसीहत दे रहे हैं तो वह अपमान तो नहीं। नसीहत लेने वाला अगर उसे अपना अपमान मान तो ये उनका हेडेक है।
ये बार-बार हर चीज को मुद्दा बनाना और छुईमुई बनकर राजनीति करना सिर्फ पीएम मोदी को आता है हमें तो नहीं आता है। खेड़ा ने कहा पीएम मोदी और भाजपा के नेता तो बार-बार नेहरू जी का अपमान करते रहे हैं हम तो सम्मान में माता-पिता का जो कर्तव्य है उसे दिखा रहे हैं फिर भी ये नहीं मान रहे हैं।
भाजपा मुद्दाविहीन, बे-मतलब की बातें करती है : अल्लावारू
बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने कहा कि भाजपा मुद्दा विहीन पार्टी हो गई है। इसके पास कोई मुद्दा नहीं इसलिए वे बे-सिर पैर की बात करती है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि हमारी पार्टी के एआइ वीडियो में किसी का अपमान नहीं किया गया है।
मां-मां होती है चाहे वह मोदी की मां हो या फिर हमारी : राजेश राम
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि हमारे वीडियो में किसी का नाम नहीं लिया गया है। न ही ऐसा कुछ दिखाया गया जिससे किसी की भावना को चोट पहुंचे।
वहीं, कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने कहा कांग्रेस मां का सम्मान करना जानती है। वे हमें न समझाएं जो स्वयं मां के नाम पर राजनीति करके सत्ता में बने रहना चाहते हैं।
साहब के सपनों में आईं "माँ"
देखिए रोचक संवाद 👇 pic.twitter.com/aA4mKGa67m
— Bihar Congress (@INCBihar) September 10, 2025
कांग्रेस नहीं, प्रधानमंत्री करते हैं बार-बार मां का इस्तेमाल : पप्पू यादव
पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने एआई वीडियो को लेकर कहा कि कांग्रेस ने किसी की मां का अपमान नहीं किया। प्रधानमंत्री स्वयं ही बार-बार मां का अपमान करते हैं। अब पिंडदान के नाम पर मां का इस्तेमाल कर रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।