Bihar Politics: 'जंगलराज में विकास का पहिया थमा ही नहीं, उलटा चलने लगा था'; पटना में बोले राजनाथ सिंह
पटना में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजद के जंगलराज भ्रष्टाचार और कुशासन को उजागर करने का संकल्प लिया गया। राजनाथ सिंह ने लालू-राबड़ी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि उनके शासन में बिहार का विकास ठप हो गया था। उन्होंने कर्पूरी ठाकुर के सम्मान और आंबेडकर के अपमान के मुद्दे पर भी राजद को घेरा।

राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा चुनाव तैयारियों को लेकर बुधवार बुलाई गई भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक राजद के जंगलराज, भ्रष्टाचार एवं कुशासन को एक बार फिर जनजन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ संपन्न हो गई। कार्यसमिति को संबोधित करते हुए पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लालू-राबड़ी सरकार की बखिया उधेड़ी।
पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव एवं कांग्रेस की सरकार के दौरान बिहार से हुए प्रवासन को गिनाते हुए कार्यकर्ताओं को जनजन तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं कि भाजपा बार-बार अतीत की याद क्यों दिलाती है। मैं कहता हूं कि नई पीढ़ी को याद दिलाने की जरूरत है, क्योंकि जगलराज में विकास का पहिया थमा ही नहीं था, बल्कि उलटा चलने लगा था। इतिहास को याद करके ही स्वर्णिम बिहार का निर्माण संभव है।
राजनाथ सिंह ने लालू यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राजद के साथ-साथ कांग्रेस भी बिहार की बर्बादी के दोषी रहे हैं, इन दोनों की सरकारों ने बिहार को गर्त में पहुंचा दिया था, अपराध, जातिवाद एवं जंगलराज के चलते बिहार अंधेरे में चला गया था। धीरे-धीरे ये अंधकार खत्म हुआ है। भाजपा एवं नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है, जो बिहार एक समय बर्बाद हो गया था, आज वो बिहार आत्मनिर्भर बन गया है। राजनाथ ने मोदी एवं नीतीश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। भाजपा के संकल्प को दोहराया और कहा कि भाजपा जो कहती वो करती है।
कर्पूरी की विचारधारा सिर्फ एनडीए ला सकती
राजनाथ ने कहा कि जो लोग बिहार को अंधेरे में धकेलना चाहते हैं वो सफल नहीं हो पाएंगे। कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा केवल और केवल भाजपा एवं एनडीए ही ला सकती है। जननायक कर्पूरी ठाकुर के लिए लालू अपशब्दों का प्रयोग करते थे, लालू का ये दोहरा चरित्र नहीं चलेगा।
एक पत्रकार की किताब के अंश पर चर्चा करते हुए कहा लालू ने कर्पूरी का कभी सम्मान नहीं दिया। कर्पूरी को सही सम्मान उनके मरणोपरांत मोदी सरकार ने भारत रत्न देकर किया, हम जो कहते हैं वो करते हैं, लालू ने कर्पूरी को विधानसभा जाने के लिए अपनी जीप तक नहीं दी थी।
आंबेडकर के अपमान को लेकर घेरा
लालू की जन्मतिथि पर बाबा साहब आंबेडकर की तस्वीर को पैरों में रखे जाने को लेकर घेरा। कहा बहुत शर्म की बात है। इससे पता चलता है कि राजद की विचारधारा और सोंच कैसी है। इससे पहले विधानसभा चुनाव को लेकर विजय संकल्प प्रस्ताव प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पढ़ा। समर्थन उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने किया।
मंच पर मोदी सरकार में बिहार भाजपा के केंद्रीय गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सतीश चंद्र दुबे एवं राजभूषण चौधरी के अतिरिक्त पूर्व प्रदेश संजय जायसवाल, राधामोहन सिंह, गोपाल नारायण सिंह, मंगल पांडेय के साथ राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा उपस्थित थे। राजनीतिक प्रस्ताव उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पढ़ा।
सम्राट के प्रस्ताव का समर्थन केंद्रीय कपडा मंत्री गिरिराज सिंह एवं गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने किया। इससे पहले बाबा साहेब के अपमान को लेकर कार्यसमिति ने निंदा प्रस्ताव पारित किया। इसके उपरांत सम्राट चौधरी ने प्रेसवार्ता में कार्यसमिति की जानकारी पत्रकारों को दी।
सम्राट ने कहा कि राजनीतिक प्रस्ताव में मोदी सरकार की 11 वर्षों के काम चर्चा हुई है। साथ ही आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने को लेकर प्रस्ताव पास किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।