Bihar Politics: राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा 17 अगस्त से, सासाराम से होगी शुरुआत
कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 अगस्त से बिहार में मतदाता अधिकार यात्रा शुरू करेंगे जो सासाराम से शुरू होगी। कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने यात्रा की तैयारियों पर वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। राजेश राम ने बताया कि यात्रा में INDIA गठबंधन के नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। अल्लावारू ने कहा कि यह यात्रा न्याय समानता और लोकतंत्र की रक्षा के लिए है।

राज्य ब्यूरो, पटना। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 17 अगस्त से बिहार में मतदाता अधिकार यात्रा प्रारंभ करेंगे। यह यात्रा सासाराम से प्रारंभ होगी।
इससे पहले यात्रा की तैयारियों के संदर्भ में कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, मोर्चा संगठन के अध्यक्षों के साथ बैठक कर यात्रा को सफल बनाने के लिए गहन विचार-विमर्श किया। अल्लावारू एवं राजेश राम ने यात्रा के सफलता के लिए सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से उनके सुझाव भी लिए।
बैठक में राजेश राम ने कहा कि मतदाता अधिकार यात्रा की सफलता के लिए लोग अभी से जुट जाएं। यात्रा में आईएनडीआईए के तमाम नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। बैठक के बाद मीडिया से उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यात्रा का विस्तृत विवरण दिया जाएगा। यह यात्रा एक पखवारे की होगी।
अल्लावारू ने कहा कि राहुल गांधी की यह यात्रा न्याय, समानता, लोकतंत्र की रक्षा और जनसंवाद को मजबूत करने के लिए की जा रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पूरी ऊर्जा, समर्पण और अनुशासन के साथ इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाने में जुट जायं। यह यात्रा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि देश की आत्मा को जोडऩे का प्रयास है। बिहार की धरती ने हमेशा जन-आंदोलनों को दिशा दी है और इस बार भी बिहार अग्रणी भूमिका निभायेगा।
बैठक में प्रभारी सुशील पासी, प्रेमचन्द्र मिश्रा, जितेन्द्र गुप्ता, राजेश राठौड़, ब्रजेश प्रसाद मुनन, अमिता भूषण, भावना झा, प्रवीण सिंह कुशवाहा, आनन्द माधव, अजय चौधरी, राजेश कुमार सिन्हा ,ज्ञान रंजन, शरवत जहां फातमा, अमिता भूषण, सत्येन्द्र बहादुर सहित अन्य नेता मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।