Bihar Politics: 'भाजपा ने किया माता सीता का अपमान, माफी मांगें अमित शाह'; कांग्रेस नेता ने क्यों कही ये बात
बिहार कांग्रेस के नेता प्रेमचंद्र मिश्रा ने भाजपा पर सीता माता की जन्मभूमि का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने संसद में सीता माता के जन्म को लेकर गलत बयान दिया जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने अमित शाह से माफी मांगने की मांग की और कहा कि केंद्र ने सीता मंदिर के विकास के लिए कोई वित्तीय सहायता नहीं दी।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा है कि बिहार की पावन भूमि, जो माता जानकी की जन्मस्थली है उसका भाजपा सरकार ने घोर अपमान किया है। सीतामढ़ी जिले का पुनौरा धाम, बिहार की धार्मिक आस्था का केंद्र हैं परंतु भाजपा ने इस गर्व को आहत किया है। प्रेमचंद्र मिश्रा गुरुवार को सदाकत आश्रम में प्रेस प्रतिनिधियों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने संसद में यह कहते हुए माता सीता का अपमान किया कि माता सीता के सीतामढ़ी में जन्म लेने के कोई ऐतिहासिक प्रमाण नहीं हैं। भाजपा सरकार का यह बयान न केवल धार्मिक भावनाओं पर आघात है, बल्कि इसे बिहार के गौरव और अस्मिता का भी अपमान कहा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे शर्मनाक बात क्या हो सकती है कि माता सीता के अस्तित्व पर ही भाजपा सरकार सवाल खड़ा कर दे। यह भारत की आध्यात्मिक आस्था पर कुठाराघात है। प्रेमचंद्र ने कहा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सीता मंदिर परियोजना का शिलान्यास करने बिहार आ रहे हैं, तो मांग उठ रही है कि वह पहले बिहार और भारतवासियों से माफी मांगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पहली जुलाई 2011 को आइएल एंड एफएस को राष्ट्रीय स्तर का सलाहकार नियुक्त किया था, जिसने बिहार समेत विभिन्न राज्यों में पर्यटन सर्किट की पहचान की। रिपोर्ट को 2013 में पर्यटन मंत्रालय ने स्वीकार किया, और उसी के आधार पर रामायण सर्किट को मंजूरी दी गई। जो बिहार में उन स्थलों को जोड़ता है जो भगवान राम और माता सीता के जीवन से जुड़े हैं, विशेषकर उनकी जन्मभूमि और उनसे जुड़े पौराणिक स्थल।
उन्होंन यह भी कहा कि पुनौराधाम के अलावा भी कई स्थल सलाहकार ने चयनित किए। सभी धार्मिक स्थलों को विकसित किया जाना था। परंतु केंद्र की भाजपा सरकार ने माता सीता मंदिर के लिए एक भी पैसा नहीं दिया। प्रेस काॉन्फ्रेंस में राजेश राठौड़ और सौरभ सिन्हा भी उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।