'बेटा खर्च नहीं देता था, नीतीश कुमार ने यह फर्ज निभाया'; 1100 रुपये की पेंशन मिलने पर बोलीं मोना देवी
बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 से बढ़कर 1100 रुपये होने पर लाभार्थियों ने खुशी जाहिर की। विधवा महिलाओं और बुजुर्ग दंपत्तियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे दवाई खान-पान और घर चलाने में मदद मिलेगी। कई लोगों ने इसे वरदान बताते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

राज्य ब्यूरो, पटना। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रूप में 1100 रुपये खाते में जमा होने से लाभान्वित समूह बेहद खुश है। पेंशन वितरण समारोह के दौरान इनमें से कई ने बढ़ी हुई राशि के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। उन्हें आशीर्वाद दिया।
बोधगया प्रखंड की मोना देवी ने अपने साथ पड़ोसी की खुशी का भी बखान किया। वह बोलीं- पति की काफी पहले मौत हो गई थी। विधवा पेंशन के रूप में 400 रुपया मिलता था। अब यह 1100 रुपया हो गया। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री काे आशीर्वाद देती हूं।
'हर महीने 2200 रुपये मिलेंगे'
आगे बोलीं- अब मेरी दवाई के साथ-साथ खान-पान भी ठीक ढंग से होगा। मेरे पड़ोस में एक वृद्ध दंपत्ति रहते हैं। वे कह रहे थे कि अब हमलोगों को हर महीने 2200 रुपये मिलेंगे। बेटा हमलोगों को खर्च नहीं देता था। नीतीश कुमार ने पेंशन की राशि में बढ़ोतरी करके बेटा होने का फर्ज निभाया है।
'घर चलाने में सुविधा होगी'
पूर्णिया जिले के बेलागंज पंचायत की लाभार्थी रीता देवी ने कहा कि 2012 में उनके पति का देहांत हो गया। उनके दो बच्चे और सास हैं। वे दिसंबर 2013 से विधवा पेंशन का लाभ ले रही हैं। महंगाई बढ़ने के कारण किसी तरह उनके परिवार का गुजर बसर होता था।
जब वह पेंशन योजना की राशि में बढ़ोतरी से संबंधित मुख्यमंत्री का वॉयस रिकॉर्ड सुनी तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अब बढ़ी हुई पेंशन की राशि से उनके बच्चे की पढ़ाई होगी। घर चलाने में भी सुविधा होगी।
'यह बढ़ोतरी वरदान से कम नहीं'
वहीं, नालंदा की पुष्पा कुमार ने बताया कि यह बढ़ोतरी वरदान से कम नहीं है। इससे गरीब एवं असहाय लोगों को काफी सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने साइकिल, पोशाक, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, हर घर तक बिजली, शौचालय, नल का जल पहुंचाने के अलावा हर घर तक पक्की गली एवं नाली का निर्माण कराकर हम सभी की काफी मदद की है। पूरे बिहार में विकास का काम किया है। हम उन्हें दिल से धन्यवाद देते हैं।
भोजपुर की गोपालपुर पंचायत की प्रभावती देवी ने बताया कि बढ़ी हुई पेंशन की राशि से मेरे मन को शांति मिली। अब हर महीने पति-पत्नी को 2200 रुपया मिलेगा। इससे हमारी जिन्दगी ढंग से गुजरेगी।
मुख्यमंत्री ने हम सभी गरीब, असहाय लोगों को खाने का अन्न, पीने का जल, हर घर शौचालय जैसी अन्य बुनियादी सुविधाएं देकर काफी मदद पहुंचाई है। मैं उनके प्रति आभार प्रकट करती हूं। आशीर्वाद देती हूं कि वे दीर्घायु एवं स्वस्थ रहें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।