Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Bihar DGP Alok Raj: कौन हैं बिहार के नए डीजीपी आलोक राज? राष्ट्रपति से तीन बार मिल चुका पदक

    Updated: Fri, 30 Aug 2024 08:38 PM (IST)

    आलोक राज जिन्होंने हाल ही में बिहार के नए डीजीपी के रूप में कार्यभार संभाला है के पास पुलिसिंग का 35 वर्षों का लंबा अनुभव है। पटना सिटी के एएसपी के रूप में अपनी पहली पोस्टिंग से लेकर नंदीग्राम में शांति बहाली तक उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। इस लेख में हम उनके करियर और उपलब्धियों पर एक नजर डालेंगे।

    Hero Image
    बिहार के नवनियुक्ति पुलिस महानिदेशक आलोक राज। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, पटना। डीजीपी की जिम्मेदारी संभालने वाले आलोक राज को बिहार, झारखंड और बंगाल में पुलिसिंग का करीब 35 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्ष 1989 में आईपीएस बनने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग पटना सिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रूप में हुई। यहां चार कुख्यात अपराधियों को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराने के लिए आलोक राज को पुलिस वीरता पदक से अलकृंत किया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके अलावा, वह अविभाजित बिहार में रांची, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम, देवघर, हजारीबाग, सीतामढ़ी और बेगूसराय जिले के एसपी भी रहे। वर्ष 2004 से 2011 तक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में कार्यरत रहें जहां सात साल में चार बार उन्हें सीआरपीएफ डीजी के प्रशंसा डिस्क से सम्मानित किया गया।

    बंगाल के नंदीग्राम में जब टाटा नैनो प्लांट के विरोध में जब हिंसक आंदोलन हुआ तो बतौर सीआरपीएफ आइजी आलोक राज ने कई दिनों तक वहां मोर्चा संभाले रखा। नंदीग्राम में शांति बहाली और विधि-व्यवस्था बहाल करने के लिए उनकी उस समय पूरे देश में प्रशंसा हुई।

    तीन बार मिला राष्ट्रपति का पदक

    आलोक राज मूल रूप से मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं। वह पटना विश्वविद्यालय से एमएससी भूगर्भशास्त्र में गोल्ड मेडलिस्ट रहे। उत्कृष्ट पुलिस करियर के लिए आलोक राज को तीन बार राष्ट्रपति के द्वारा पदक से अलंकृत किया गया। उन्हें वर्ष 1994 में पुलिस वरीता पदक, वर्ष 2008 में सराहनीय सेवा पदक और वर्ष 2016 में विशिष्ट सेवा पदक मिला।

    वर्ष 2019 में उत्कृष्ट पुलिस कार्यों के लिए अटल रत्न सम्मान से भी अलंकृत किया गया। पश्चिमी सिंहभूम एसपी के रूप में वनमाफिया के विरुद्ध कार्रवाई की तो हजारीबाग एसपी के रूप में कोयला माफिया और नक्सलियों के विरुद्ध अभियान का नेतृत्व किया।

    आलोक राज ने इटली में संयुक्त राष्ट्र संघ, शांति सेना का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। बिहार लौटने के बाद वह विशेष शाखा, सीआइडी और विधि-व्यवस्था के एडीजी भी रह चुके हैं। इसके अलावा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, प्रशिक्षण और बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के महानिदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

    ये भी पढ़ें- Bihar News: IAS प्रमोटेड बिहार प्रशासनिक सेवा के 20 अधिकारी अपर सचिव बने, पढ़िए पूरी लिस्ट यहां

    ये भी पढ़ें- Bihar New DGP: आलोक राज को मिला बिहार के नए DGP का प्रभार, जानिए इनके बारे में सबकुछ यहां