विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Daroga Exam: ईओयू ने आयोग को लिखे पांच पत्र, दो का ही मिला जवाब; इन परीक्षा केंद्रों पर उठे सवाल

Published: Wed, 23 Sep 2026 10:35 PM (IST)

ईओयू की एसआइटी दारोगा भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी की जांच कर रही है और उसने बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ...और पढ़ें

गया, पूर्णिया और खगौल केंद्र जांच के घेरे में

गया, पूर्णिया और खगौल केंद्र जांच के घेरे में

HighLights

  1. ईओयू ने दारोगा भर्ती गड़बड़ी पर आयोग को पांच पत्र भेजे।

  2. गया, पूर्णिया, खगौल केंद्र पर प्रश्नपत्र लीक, ब्लूटूथ के आरोप।

  3. कंप्यूटर शिक्षक बीरेंद्र भी जांच के दायरे में, एक गिरफ्तारी।

राज्य ब्यूरो, पटना। दारोगा भर्ती परीक्षा की लिखित परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतों की जांच कर रही ईओयू की एसआइटी ने बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग को पांच पत्र भेजे हैं। तीन सितंबर को एक, आठ सितंबर को दो और 15 सितंबर को दो पत्र भेजे गए। इन पत्रों के जरिए अभ्यर्थियों की शिकायतों पर आयोग का पक्ष और कई अहम जानकारियां मांगी गई हैं।

25 से 30 प्रतिशत अभ्यर्थियों के पास होने पर सवाल

ईओयू ने कुछ परीक्षा केंद्रों पर असामान्य रूप से 25 से 30 प्रतिशत तक अभ्यर्थियों के सफल होने को लेकर जानकारी मांगी है। एक ही कक्ष में क्रमवार बैठे अभ्यर्थियों के पास होने से जुड़े सवाल भी आयोग के सामने रखे गए हैं। ईओयू के अनुसार, पांच में से अभी सिर्फ दो पत्रों के जवाब आयोग की ओर से मिले हैं।

गया, पूर्णिया और खगौल केंद्र जांच के घेरे में

ईओयू की जांच में मुख्य रूप से गया, पूर्णिया और खगौल के परीक्षा केंद्रों पर गड़बड़ी से जुड़े मामले सामने आए हैं। गया और पूर्णिया में वीक्षक व बायोमीट्रिक कर्मियों की कथित सेटिंग के जरिए प्रश्न-पत्र की तस्वीर खींचकर बाहर भेजने की बात सामने आई। खगौल में बुकलेट फटे होने का मामला भी जांच का हिस्सा है।

गया में ब्लूटूथ से उत्तर लिखवाने का आरोप

बीपीएसएससी ने गया और पूर्णिया में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गया के रामपुर थाने में दर्ज कांड संख्या 307/26 में साल्वर गैंग पर ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरणों के जरिए अभ्यर्थियों को उत्तर लिखवाने का आरोप है। इस मामले में एक आरोपित की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।

पूर्णिया में वीक्षक के मोबाइल से बढ़ा शक

पूर्णिया के वीडियो फुटेज में परीक्षा केंद्र के अंदर एक वीक्षक के मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की बात सामने आई। परीक्षा के दौरान प्रश्न-पत्र की तस्वीर खींचने की शिकायत के बाद यहां भी कार्रवाई की गई।

ईओयू अब परीक्षा केंद्रों पर हुई गतिविधियों और उससे जुड़े लोगों की कड़ियों को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।

कई ऑनलाइन परीक्षाओं में ड्यूटी कर चुका है बीरेंद्र

गया केंद्र से प्रश्न-पत्र की तस्वीर कथित तौर पर साल्वर गैंग तक पहुंचाने के मामले में कंप्यूटर शिक्षक बीरेंद्र भी जांच के दायरे में है। ईओयू के अनुसार, वह पहले कई ऑनलाइन परीक्षाओं में ड्यूटी कर चुका है।

वर्ष 2021 में वह नई दिल्ली की बाइट्स साफ्टेक प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत था और कंपनी के माध्यम से चीफ इन्वीजिलेटर के रूप में परीक्षा ड्यूटी करता था।

पूछताछ में उसके द्वारा अभ्यर्थियों की अनधिकृत सेटिंग की जानकारी देने की बात ईओयू ने कही है। जांच एजेंसी साल्वर गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें- Bihar Police SI Exam Cancelled: 10 लाख से ज्यादा आवेदन, दो बार सफाई के बाद तीसरी बार रद हुई दारोगा मुख्य परीक्षा

यह भी पढ़ें- ब‍िहार में दारोगा भर्ती मुख्य परीक्षा रद: BPSSC ने दिया अपडेट, अब नई तारीख का इंतजार

यह भी पढ़ें- BPSC AEDO Exam Scam: परीक्षा धांधली का मुख्य आरोपित सतीश यादव पटना से गिरफ्तार, बायोमीट्रिक नेटवर्क का आरोप

यह भी पढ़ें- Bihar Exam Cancelled List 2026: दारोगा, AEDO, सिविल कोर्ट समेत कई परीक्षाओं पर लगी रोक; वजह भी जानिए