BPSC AEDO Exam Scam: परीक्षा धांधली का मुख्य आरोपित सतीश यादव पटना से गिरफ्तार, बायोमीट्रिक नेटवर्क का आरोप
बीपीएससी की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) परीक्षा में धांधली के मुख्य आरोपित सतीश कुमार यादव को पटना से गिरफ्तार ...और पढ़ें

सतीश यादव पटना से गिरफ्तार
HighLights
मुख्य आरोपित सतीश यादव पटना से गिरफ्तार हुआ।
बायोमीट्रिक व्यवस्था के माध्यम से धांधली का आरोप।
प्रश्नपत्र हासिल कर आंसर-की तैयार करने में शामिल।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) परीक्षा में धांधली के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मुख्य आरोपितों में शामिल सतीश कुमार यादव को पटना से गिरफ्तार किया है।
उसे गर्दनीबाग में शिवपुरी पार्क के पास गोपनीय सूचना के आधार पर पकड़ा गया। वह बक्सर के तिलक राय के हाता थाना क्षेत्र के टेकमन का डेरा का निवासी है।
10 परीक्षा केंद्रों पर बायोमीट्रिक व्यवस्था से जुड़ा था
ईओयू के अनुसार, जांच में सामने आया कि सतीश ने पटना जिले के करीब 10 परीक्षा केंद्रों पर बायोमीट्रिक व्यवस्था के लिए सर्विस प्रोवाइडर के वेंडरों से करार किया था।
आरोप है कि उसने अपने परिचित युवकों को इन केंद्रों पर बायोमीट्रिक सुपरवाइजर और ऑपरेटर के रूप में तैनात कराया।
प्रश्नपत्र हासिल करने में मदद का आरोप
जांच एजेंसी के मुताबिक, इन लोगों की मदद से परीक्षा से जुड़े प्रश्नपत्र हासिल किए गए। एईडीओ परीक्षा में धांधली और अनियमितता से जुड़े कुल चार मामलों की ईओयू जांच कर रही है। इसी जांच के दौरान सतीश का नाम सामने आया था।
बेउर के केंद्र में तैयार हुई आंसर-की
ईओयू के अनुसार, सतीश ने सहयोगियों सरोज महतो और सरफराज आलम की मदद से साल्वर के जरिए प्रश्नों के उत्तर तैयार कराए।
बेउर के 70 फीट रोड स्थित आरकेआर साल्यूशंस ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में प्रश्नों को हल कर आंसर-की तैयार किए जाने की बात जांच में सामने आई है।
तय अभ्यर्थियों तक पहुंचाए गए थे उत्तर
जांच के मुताबिक, तैयार उत्तर अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर पहले से तय अभ्यर्थियों तक पहुंचाए गए। आरकेआर साल्यूशंस केंद्र का संचालन सरफराज आलम और रमेश कुमार संयुक्त रूप से कर रहे थे। ईओयू इन सभी तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।
यूपी सिपाही भर्ती लीक में भी हुई थी गिरफ्तारी
सतीश कुमार यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में सिपाही भर्ती लीक मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई थी और वह लंबे समय तक जेल में रहा था।
ईओयू के अनुसार, उसकी गिरफ्तारी से साल्वर गैंग के अन्य सदस्यों के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।
अन्य मामलों में रिमांड पर लेगी ईओयू
ईओयू ने बताया कि मिले साक्ष्यों का सत्यापन किया जा रहा है। फिलहाल सतीश की गिरफ्तारी मुंगेर मुफस्सिल थाना कांड संख्या 177/26 में की गई है। एईडीओ परीक्षा से जुड़े अन्य मामलों में भी उसे आगे रिमांड पर लिए जाने की प्रक्रिया होगी।
यह भी पढ़ें- Bihar Police SI Exam Cancelled: 10 लाख से ज्यादा आवेदन, दो बार सफाई के बाद तीसरी बार रद हुई दारोगा मुख्य परीक्षा
यह भी पढ़ें- BPSC Action: 32 अभ्यर्थियों पर बड़ी कार्रवाई, तीन साल तक आयोग की परीक्षाओं में नहीं हो सकेंगे शामिल
यह भी पढ़ें- Bihar Exam Cancelled List 2026: दारोगा, AEDO, सिविल कोर्ट समेत कई परीक्षाओं पर लगी रोक; वजह भी जानिए
