बिहार कैबिनेट के फैसले: 3 शहरों की 1295 एकड़ जमीन पर लगेंगे उद्योग, ग्राम कचहरी को मिलेगा ज्यादा फंड
बिहार मंत्रिमंडल ने औद्योगिक विकास को गति देने के लिए नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में तीन नए औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार को मंजूरी दी है, जिसके लिए 1295 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होगा।

उद्योगों की सांकेतिक तस्वीर
HighLights
तीन नए औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार को मिली मंजूरी।
ग्राम कचहरियों का प्रशासनिक खर्च 4 से 24 हजार हुआ।
मुख्यमंत्री के लिए आर्थिक सलाहकार परिषद का गठन होगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए तीन और औद्योगिक क्षेत्रों का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में कुल 1295 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होगा।
जमीन अधिग्रहण पर राज्य सरकार 718 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके साथ ही राज्य की सभी ग्राम कचहरियों को अब प्रशासनिक खर्च के लिए सालाना 24 हजार रुपये मिलेंगे।
ग्राम कचहरियों को पहले प्रतिवर्ष चार हजार रुपये ही मिलते थे। जिसे बढ़ाकर 24 हजार रुपये कर दिया गया है।
बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इन प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। आज की बैठक में 34 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कैबिनेट के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने बताया कि जिन तीन और औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है। उसके तहत नालंदा में 565 एकड़ जमीन के अधिग्रहण पर 383 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
वहीं, समस्तीपुर में 480 एकड़ जमीन के लिए 262 करोड़ रुपये और शेखपुरा में 250 एकड़ जमीन के अधिग्रहण पर 63 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इस फैसले से तीनों जिलों में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए जमीन उपलब्ध होने से निवेश को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
चार हजार के बदले अब 24 हजार
मंत्रिमंडल ने पंचायती राज विभाग के प्रस्ताव के बाद ग्राम कचहरियों को प्रशासनिक खर्व के लिए वार्षिक 24 हजार रुपये देने का प्रस्ताव स्वीकृत किया है। पहले इन्हें सिर्फ चार हजार रुपये ही मिलते थे।
यह व्यवस्था एक अप्रैल 2027 से प्रभावी होगी। राशि में वृद्धि से ग्राम कचहरियों को जरूरी कागजात, स्टेशनरी, रजिस्टर और अन्य प्रशासनिक कार्यों पर खर्च करने में सहूलियत होगी।
ग्राम स्तर पर छोटे-मोटे विवादों के निपटारे की व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर त्वरित न्याय उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
पीएम की तर्ज पर सीएम के लिए आर्थिक सलाहकार परिषद
प्रधानमंत्री की तर्ज पर बिहार में मुख्यमंत्री को आर्थिक नीतियों पर सलाह देने के लिए आर्थिक सलाहकार परिषद का गठन का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है।
परिषद राज्य की अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक सुधार, निवेश और विकास की संभावनाएं तलाशेगी। साथ ही आर्थिक वृद्धि की गति तेज करने, रोजगार सृजन और नीतिगत फैसलों को त्वरित बनाने के लिए सुझाव देगी। इसमें अध्यक्ष समेत पांच सदस्य होंगे।
अध्यक्ष ख्याति प्राप्त अर्थशास्त्री होंगे। सदस्य भी अर्थ शास्त्री होंगे। जबकि सचिव वित्त इसके पदेन सदस्य होंगे।
सेवा से लगातार नदारद 11 डाक्टर किए गए बर्खास्त
मंत्रिमंडल ने 2018 से 2021 के बीच लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले 11 डाक्टरों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
इन डाक्टरों में डॉ. अनामिका कुमारी, डॉ. राकेश कुमार निराला, डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित, डॉ. गोपीनाथ भगत, डॉ. अमित कुमार, डॉ. रविरंजन, डॉ. मो. शाहनवाज कौसर, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. प्रसून विवाकर, डॉ. रेखा कुमारी और डॉ. अरुण कुमार शामिल हैं। यह राज्य के विभिन्न अस्पतालों में पदस्थापित थे परंतु लगातार सेवा से गायब हैं।