विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार कैबिनेट का फैसला: पटनावासियों को मिलेगा शुद्ध गंगाजल, बिहार म्यूजियम के सामने बनेगा आइकॉनिक ट्रेड सेंटर

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:31 PM (IST)

बिहार कैबिनेट ने पटना में 1794.32 करोड़ की जलापूर्ति परियोजना और बिहार संग्रहालय के सामने आइकॉनिक ट्रेड सेंटर को मंजूरी दी। 

बिहार कैबिनेट की बैठक। फोटो X/samrat4bjp

बिहार कैबिनेट की बैठक। फोटो X/samrat4bjp

HighLights

  1. पटना में 1794.32 करोड़ की जलापूर्ति परियोजना स्वीकृत हुई।

  2. बिहार संग्रहालय के सामने आइकॉनिक ट्रेड सेंटर विकसित किया जाएगा।

  3. राज्य में पहली बार ई-कैबिनेट बैठक का सफल आयोजन हुआ।

राज्य ब्यूरो, पटना। पटना की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1794.32 करोड़ रुपये की बड़ी परियोजना को राज्य मंत्रिमंडल ने स्वीकृति दी है।

इसके तहत शहर के 75 वार्डों में रहने वाले 2.18 लाख से अधिक घरों को जलापूर्ति की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा बिहार संग्रहालय के सामने नेहरू पथ और मैगल्स रोड स्थित भूखंड पर आइकानिक ट्रेड सेंटर विकसित करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया है।

बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इन दोनों प्रस्ताव समेत 34 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए।

गंगा जल को शुद्ध कर होगी आपूर्ति

मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कैबिनेट के अपर मुख्य सचिव एके चौधरी ने बताया कि परियोजना अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन के तहत स्वीकृत की गई है, जिसके तहत 2,18, 585 घरों को जलापूर्ति से जोड़ने के लिए गंगा से पानी लेने को दो इंटेक वेल और 355 व 350 एमएलडी क्षमता के दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनेंगे।

इसके अलावा 45 नई जलमीनारें, 13 अधूरी जलमीनारों का निर्माण पूरा करने, पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार और दो केंद्रीकृत एससीएडीए प्रणाली स्थापित करने जैसे कार्य होंगे।

बिहार संग्रहालय के सामने बनेगा आइकॉनिक ट्रेड सेंटर

पटना में बिहार संग्रहालय के सामने नेहरू पथ और मैगल्स रोड स्थित भूखंड पर आइकानिक ट्रेड सेंटर विकसित किया जाएगा। यहां वाणिज्यिक, कार्यालय और आवासीय भवन भी बनाए जा सकेंगे।

इसके निर्माण की जिम्मेदारी एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड, नई दिल्ली को सौंपने और भवन निर्माण विभाग के साथ समझौता करने की स्वीकृति दी गई है।

सोन नदी से औरंगाबाद, डिहरी और सासाराम को मिलेगा पानी

सोन नदी के सतही जल से औरंगाबाद, डिहरी और सासाराम की करीब आठ लाख आबादी को पेयजल मिलेगा। वर्ष 2051 तक 12 लाख लोगों को पानी उपलब्ध कराने वाली इस योजना की लागत 1347.32 करोड़ से बढ़कर 2014.65 करोड़ रुपये हो गई है।

इसमें डिहरी एनीकट का आधुनिकीकरण, जलशोधन संयंत्र, पंप हाउस और पाइपलाइन निर्माण शामिल है। मार्च 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य है।

अवैध खनिज परिवहन पर कसेगा शिकंजा, जीपीएस अनिवार्य

बिहार में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज नियमावली में संशोधन किया गया है। अब लघु खनिज परिवहन वाहनों का निबंधन और दूसरे राज्यों से खनिज लेकर आने वाले वाहनों में जीपीएस अनिवार्य होगा।

जीपीएस नहीं लगाने पर 50 हजार से दो लाख रुपये तक जुर्माना लगेगा। पीला बालू, उजला बालू और पत्थर पर प्रबंधन शुल्क से सरकार को सालाना करीब 100 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व मिलने का अनुमान है।

राज्य में पहली बार ई-कैबिनेट की बैठक

बिहार में कैबिनेट की पूरी कार्यप्रणाली अब डिजिटल और पेपरलेस हो गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में ई-कैबिनेट व्यवस्था का शुभारंभ किया।

इसके साथ ही राज्य में पहली ई-कैबिनेट बैठक आयोजित हुई। नई व्यवस्था के तहत कैबिनेट से जुड़े प्रस्ताव, दस्तावेज और अन्य प्रक्रियाएं डिजिटल माध्यम से पूरी की जाएंगी।

इसके लिए मंत्रियों को टैब मुहैया कराए गए हैं। इससे कागजी कार्यवाही कम होगी और फैसलों की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और व्यवस्थित बनेगी। बिहार इस मामले में 12वां राज्य है। इस योजना पर दो करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

यह भी पढ़ें- बिहार में युवाओं के लिए खुलेगा रोजगार का रास्ता, नालंदा के ढेकवाहा में 564 एकड़ जमीन पर लगेंगे उद्योग 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।