Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार के कलेक्ट्रेट होंगे आधुनिक, मिलेंगी बेहतर नागरिक सुविधाएं; मीठापुर फ्लाईओवर को लेकर भी ऐलान

    Updated: Wed, 13 Aug 2025 09:06 PM (IST)

    बिहार सरकार ने पटना समेत सभी जिलों के कलेक्ट्रेट में नागरिक सुविधाएं बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। अब कलेक्ट्रेट में प्रतीक्षालय पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अतिरिक्त मीठापुर फ्लाईओवर को चिरैयाटांड फ्लाईओवर से जोड़ा जाएगा और पुनपुन में एक नया केबल पुल बनेगा जिससे नागरिकों को सुविधा होगी।

    Hero Image
    सभी जिला कलेक्ट्रेट में बुनियादी नागरिक सुविधाएं विकसित होगी

    राज्य ब्यूरो, पटना। प्रदेश के सभी जिला कलेक्ट्रेट में बुनियादी नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। बैठक में 30 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने बताया कि लोक कल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य सरकार जिला स्तर पर स्थित कलेक्ट्रेट के माध्यम से करना चाहती है।

    लेकिन अपने महत्वपूर्ण कार्य से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए यहां पर्याप्त आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। लिहाजा सरकार ने सभी जिला कलेक्ट्रेट में नागरिक अनुकूल बुनियादी ढांचे, प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, दीदी की रसोई आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव स्वीकृत किया है।

    459 निम्नवर्गीय लिपिक किए जाएंगे नियुक्त

    मंत्रिमंडल ने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अंतर्गत सभी प्रखंड अल्पसंख्यक में कल्याण कार्यालय में 459 निमनवर्गीय लिपिकों के पद सृजन का प्रस्ताव स्वीकृत किया है।

    प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम को पूरे राज्य में लागू करने के कारण विभागीय योजनाओं के ससमय क्रियान्वयन, अनुश्रवण व पर्यवेक्षण के लिए विभाग के दायित्वों में वृद्धि हुई है। जिसके मद्देनजर नए पद सृजित किए गए हैं।

    मीठापुर फ्लाई ओवर से चिरैयाटांड फ्लाई ओवर को जोड़ा जाएगा

    पटना शहर के व्यस्ततम मार्ग मीठापुर फ्लाई ओवर से चिरैयाटांड फ्लाई ओवर को जोड़ा जाएगा। इस आशय का प्रस्ताव मंत्रिमंडल ने स्वीकृत किया है। इस कार्य के लिए 292.74 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस मार्ग पर अत्यधिक यातायात दबाव को देखते हुए निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्णय लिया गया है।

    प्रथम चरण में मीठापुर आरओबी रैम्प के दोनों ओर दो लेन एलिवेटेड रोटरी और आर्म-1 (मीठापुर बाईपास की ओर) का निर्माण किया जाएगा। द्वितीय चरण में आर्म-2 (एलिवेटेड रोटरी से चिरैयाटांड फ्लाई ओवर तक) का कार्य किया जाएगा।

    केबल सस्पेंशन पुल के निर्माण के लिए 8,299.48 लाख रुपये

    मंत्रिमंडल ने पुनपुन पिंडदान स्थल पर लक्ष्मण झूला के समकक्ष रेलवे पुल के बगल में पुनपुन नदी पर बचाव कार्य सहित केबल सस्पेंशन पुल के निर्माण के लिए 82.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

    पुल की कुल लंबाई 320 मीटर और चौड़ाई 11.50 मीटर होगी, जबकि दोनों ओर के पहुंच पथ की लंबाई 115 मीटर तय की गई है। इस पुल के बन जाने से पैदल यात्रियों के साथ-साथ चार पहिया वाहनों का आवागमन भी संभव होगा, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।