किसके नाम होगी सफेद थार? अनंत सिंह की बेटी की शादी में पहुंचे कई राज्यों के घोड़े; सज्जाद को अर्जुन पर भरोसा
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जिसमें 4-5 लाख मेहमानों के लिए भव्य इंतजाम किए जा रहे हैं। शादी में घुड़दौड़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

नदवां में घुड़दौड़ की तैयारी का जायजा लेने पहुंचे अनंत सिंंह। वीडियो ग्रैब
HighLights
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी की भव्य तैयारियां।
शादी में 4-5 लाख मेहमानों के लिए 150 पकवानों की व्यवस्था।
घुड़दौड़ प्रतियोगिता में थार, बाइक जैसे आकर्षक पुरस्कार।
डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं।
शुक्रवार, 20 नवंबर को तिलक समारोह होना है। नदवां गांव में 25 नवंबर को होनेवाली शादी को यादगार बनाने के लिए भव्य इंतजाम किए जा रहे हैं।
करीब 10 बीघे में भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है, वहीं मेहमानों के स्वागत और खानपान के लिए व्यापक व्यवस्था की जा रही है।
6 टीम को भोजन तैयार करने का जिम्मा
शादी में करीब 150 तरह के पकवान परोसने की तैयारी है। आयोजकों की ओर से चार से पांच लाख मेहमानों के लिए भोजन तैयार करने की बात कही जा रही है।
इसके लिए अनाज, चीनी और अन्य खाद्य सामग्री ट्रकों से गांव पहुंचाई जा रही है। एक ट्रक चीनी मंगाई गई है, जबकि छह और ट्रक आने की बात कही जा रही है।
खाना बनाने के लिए नदवां गांव में हलवाई की छह टीमें लगाई गई हैं। इनमें यूपी से आई टीम को नमकीन और मिठाइयां तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है।
रसोई के लिए बड़ी मात्रा में ईंधन की भी व्यवस्था की जा रही है। गुरुवार को कमर्शियल गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक पहुंचा, जबकि दूसरे ट्रक के भी पहुंचने की बात कही गई है।
घुड़दौड़ के विजेता को थार, दूसरे को बाइक
शादी की तैयारियों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा घुड़दौड़ प्रतियोगिता को लेकर है। इसके लिए अलग-अलग राज्यों से घोड़े और उनके घुड़सवार नदवां पहुंच रहे हैं।
गुरुवार को भी प्रतियोगिता का अभ्यास किया गया। घोड़ों को दौड़ते देखने के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग जुटे।
12 साल का सज्जाद भी आया घोड़ा लेकर
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से 12 वर्षीय सज्जाद भी अपने घोड़े अर्जुन के साथ पहुंचा है। सज्जाद को भरोसा है कि उसका घोड़ा अर्जुन पहला स्थान हासिल करेगा।
प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। पहले स्थान पर आने वाले घुड़सवार को थार, दूसरे स्थान के विजेता को बाइक और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी दी जाएगी।
पुरस्कार में दी जाने वाली सफेद रंग की थार और लाल रंग की बाइक व स्कूटी की तस्वीरें भी सामने आई हैं। ऐसे में शादी के आयोजन के साथ घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी की शादी क्यों है खास? बनारस से आया घोड़ा... थार मिलेगा इनाम, पहले सेमीफाइनल और फिर फाइनल
यह भी पढ़ें- शिवांगी की शादी से पहले नदावां में घोड़ों का जमावड़ा, घुड़सवारी प्रैक्टिस का जायजा लेने पहुंचे अनंत सिंह
यह भी पढ़ें- 'छठ में आए; घुड़दौड़ और शाही इंतजाम देखने रुक गए', अनंत सिंह की बेटी की शादी का दूसरे राज्यों में भी क्रेज