विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'छठ में आए; घुड़दौड़ और शाही इंतजाम देखने रुक गए', अनंत सिंह की बेटी की शादी का दूसरे राज्यों में भी क्रेज

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:01 AM (IST)

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी देश-विदेश में चर्चा का विषय बन गई है। इस शाही ...और पढ़ें

अनंत सिंंह की बेटी की शादी में देशभर के घोड़ों की द‍िखेगी रफ्तार। जागरण ग्राफ‍िक्‍स

अनंत सिंंह की बेटी की शादी में देशभर के घोड़ों की द‍िखेगी रफ्तार। जागरण ग्राफ‍िक्‍स

HighLights

  1. घुड़दौड़ में विजेता को मिलेगी लाखों की थार कार।

  2. शादी में 150 तरह के पकवान, देसी-शाही स्वाद।

  3. अमेरिका, दुबई सहित देश-विदेश से आएंगे मेहमान।

संवाद सहयोगी, बाढ़। मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी अब सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि देश-विदेश में भी चर्चा का विषय बन गई है।

हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि आखिर यह शाही शादी कैसी होगी? शादी में 150 तरह के पकवान, भव्य स्टेज और दूसरे राज्यों से आने वाले मेहमानों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा घुड़दौड़ की हो रही है।

इस रेस में जीतने वाले घुड़सवार को लाखों रुपये की कीमत वाली कार थार मिलेगी, जबकि उपविजेता को बाइक और स्कूटी जैसे आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।

शाही शादी में 7 दिन शेष

इस शाही शादी में अभी करीब सात दिन शेष हैं, लेकिन इसकी रौनक अभी से मोकामा के नदवां गांव में दिखने लगी है। घुड़दौड़ में हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से घोड़े पहुंच रहे हैं।

उनके साथ अनुभवी घुड़सवार भी आ रहे हैं। इसके लिए गांव में विशेष घुड़साल बनाए गए हैं। अनंत सिंह के चर्चित घोड़ों राजधानी एक्सप्रेस और तूफान को भी रेस के लिए तैयार किया जा रहा है।

थार के लिए दौड़ेंगे घोड़े, देखने पहुंच रहे लोग

घुड़दौड़ को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। आसपास के गांवों के अलावा दूसरे राज्यों से भी लोग तैयारियां देखने पहुंच रहे हैं। अनंत सिंह खुद हर दिन घुड़दौड़ की तैयारियों का जायजा लेने नदवां गांव के मैदान पर पहुंच रहे हैं।

ओडिशा से आए एक सिख युवक ने बताया कि वह हर साल छठ में यहां आते हैं। इस बार शादी और घुड़दौड़ देखने की उत्सुकता के कारण रुक गए हैं। उनका कहना था कि दादा (अनंत सिंह) का आयोजन है तो बेमिसाल ही होगा।

ओडिशा के ही संतोष सिंह ने कहा कि अनंत सिंह को हर कोई जानता है। वह ये शाही शादी और घुड़दौड़ देखने आए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी शादी पहले कभी नहीं देखी। सबसे खास बात यह है कि इस आयोजन में हर कोई शामिल हो सकता है।

लिट्टी-चोखा से कश्मीरी पुलाव तक, खाने में मिलेगा देसी-शाही स्वाद

शादी में करीब चार लाख मेहमानों के पहुंचने का अनुमान है। प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक को निमंत्रण भेजा गया है।

मेहमानों के स्वागत और खानपान के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। यहां बिहारी स्वाद के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों के मशहूर व्यंजनों का जायका मिलेगा।

मेन्यू में लिट्टी-चोखा, मालपुआ, बालूशाही, सिलाव का खाजा और रसगुल्ला जैसे पारंपरिक बिहारी व्यंजनों के साथ शाही कोफ्ता, दाल मखनी, कश्मीरी पुलाव, तंदूरी रोटी, नान और पनीर की कई किस्में शामिल रहेंगी।

इतना ही नहीं, पंडाल में चाट, गोलगप्पे, टिक्की, डोसा, पास्ता और कुल्फी के अलग-अलग काउंटर भी लगाए जाएंगे। मेहमानों को गरमागरम भोजन परोसने के लिए एक हजार से अधिक हलवाई और शेफ बुलाए गए हैं।

बनारस से दिल्ली तक के हलवाई, फाइव स्टार होटल के शेफ संभालेंगे जिम्मेदारी

शादी के खानपान को खास बनाने के लिए बिहार के अलावा बनारस, कानपुर, दिल्ली और राजस्थान से हलवाई बुलाए गए हैं।

फाइव स्टार होटलों के शेफ की टीमें भी व्यंजनों की तैयारी में जुटेंगी। यानी मेहमानों को एक ही जगह पर देसी स्वाद से लेकर शाही पकवानों तक का आनंद मिलेगा।

अमेरिका और दुबई से भी आएंगे मेहमान

शिवांगी सिंह की शादी में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग शहरों के अलावा अमेरिका और दुबई से भी मेहमान पहुंचेंगे।

इस तरह नदवां गांव में होने वाला यह आयोजन सिर्फ पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि देश-विदेश के मेहमानों और लोगों की उत्सुकता का केंद्र बन गया है।

यह भी पढ़ें- न ताजमहल, न लाल किला.. 500 कारीगर अनंत सिंह की बेटी की शादी के लिए बना रहे 100 फीट चौड़ा स्टेज

यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी की शादी की चर्चा के बीच नीरज कुमार का नया नाम सुर्खियों में, समर्थकों ने पहनाया चांदी का मुकुट

यह भी पढ़ें- 150 की स्‍पीड से दौड़ता है अनंत सिंह का घोड़ा, बेटी की शादी में आयोज‍ित घुड़दौड़ में क‍िसे म‍िलेगी थार?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।