विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनंत सिंह की बेटी की शादी की चर्चा के बीच नीरज कुमार का नया नाम सुर्खियों में, समर्थकों ने पहनाया चांदी का मुकुट

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:54 PM (IST)

मोकामा विधायक अनंत सिंह के गढ़ बाढ़ और पंडारक में जदयू नेता नीरज कुमार को 'बड़े सरकार' कहकर संबोधित किया ...और पढ़ें

जदयू विधान पार्षद नीरज कुमार को चांदी का मुकुट पहनाते समर्थक। वीड‍ियो ग्रैब

जदयू विधान पार्षद नीरज कुमार को चांदी का मुकुट पहनाते समर्थक। वीड‍ियो ग्रैब

HighLights

  1. नीरज कुमार को 'छोटे सरकार' के क्षेत्र में 'बड़े सरकार' कहा गया।

  2. समर्थकों ने नीरज कुमार को चांदी का मुकुट पहनाकर भव्य स्वागत किया।

  3. यह घटना अनंत सिंह की बेटी के शादी निमंत्रण विवाद के बाद हुई।

डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों खूब चर्चा में है। शादी में किसे न्योता मिला और किसे नहीं, इसको लेकर भी राजनीतिक गलियारों में खूब बातें हो रही हैं।

जदयू विधान पार्षद नीरज कुमार को शादी का निमंत्रण नहीं मिलने की चर्चा के बीच अब बाढ़ में एक नया सियासी दिलचस्प नजारा देखने को मिला है।

दरअसल, अनंत सिंह को उनके समर्थक 'छोटे सरकार' के नाम से बुलाते हैं। अब उनके ही प्रभाव क्षेत्र बाढ़ और पंडारक में जदयू नेता नीरज कुमार के समर्थकों ने उन्हें 'बड़े सरकार' का नाम दे दिया है।

इतना ही नहीं, समर्थकों ने उनका स्वागत चांदी का मुकुट पहनाकर किया और इस दौरान बोलो-बोलो बड़े सरकार की जय और 'बड़े सरकार जिंदाबाद' के नारे भी लगाए।

मंदिर से बाहर निकले तो गूंजने लगे बड़े सरकार के नारे

बताया जा रहा है कि नीरज कुमार पंडारक स्थित एक मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। पूजा के बाद जैसे ही वह मंदिर से बाहर निकले, समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया।

इसके बाद चांदी का मुकुट पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान समर्थकों ने 'बोलो-बोलो बड़े सरकार की जय' के नारे लगाए।

समर्थकों की ओर से दिए गए इस नए नाम ने स्थानीय राजनीति में एक दिलचस्प चर्चा छेड़ दी है। इसकी वजह यह है कि अनंत सिंह को उनके समर्थक पहले से ही 'छोटे सरकार' कहते रहे हैं।

बेटी को कौन नहीं देगा आशीर्वाद, बोले नीरज कुमार

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होनी है। इस शादी में नीरज कुमार को निमंत्रण नहीं मिलने की चर्चा पर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया भी दी थी।

नीरज कुमार ने कहा था कि बेटी को आशीर्वाद कौन नहीं देगा। हमारी बेटी को जितनी भी गाली दें, लेकिन बेटी तो लक्ष्मी होती है।

गौरतलब है कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीतने वाले नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच पिछले कुछ समय से तल्खी की चर्चा रही है।

ऐसे में अनंत सिंह के गढ़ में नीरज कुमार को 'बड़े सरकार' कहकर पुकारना और चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत करना महज एक सम्मान समारोह से आगे राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।