Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Nalanda News: राजगीर में एशियन रग्बी अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप का आगाज, इन देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे जलवा

    Updated: Fri, 08 Aug 2025 02:00 PM (IST)

    राजगीर में एशियन रग्बी अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप का रंगारंग शुभारंभ हुआ। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। राहुल बोस ने बिहार में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए सीएम नीतीश कुमार की प्रशंसा की। भारत समेत कई देशों की 16 टीमें भाग ले रही हैं जिनमें बिहार के कई खिलाड़ी भी शामिल हैं।

    Hero Image
    राजगीर में एशियन रग्बी अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप का भव्य आगाज। जागरण फोटो

    जागरण संवाददाता, राजगीर (नालंदा)। बिहार की खेल राजधानी बनते ही राजगीर में शुक्रवार को एशियन रग्बी अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप का रंगारंग शुभारंभ हुआ। राजगीर खेल परिसर में आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के साक्षी बने हजारों दर्शक, जिनमें स्थानीय नागरिक, खेल प्रेमी और विभिन्न देशों से आए प्रतिभागी शामिल रहे।

    सीएम के प्रयास को राहुल बोस ने सराहा

    रग्बी इंडिया के अध्यक्ष और प्रख्यात अभिनेता राहुल बोस ने सीएम नीतीश कुमार की दूरदर्शिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि बिहार में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित कर देश के सामने एक मिसाल पेश की गई है।

    उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ही इस प्रतियोगिता के लोगो और शुभंकर का अनावरण कर इसे एक विशेष पहचान दी थी।

    बिहार के खिलाड़ियों की चमक

    इस टूर्नामेंट में भारत, चीन, हांगकांग, संयुक्त अरब अमीरात, कजाखस्तान, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका, मलेशिया और नेपाल से कुल 16 महिला व पुरुष टीमें भाग ले रही हैं। इसमें 192 खिलाड़ी, 32 कोच, और 50 तकनीकी पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।

    भारतीय पुरुष टीम में बिहार के गोल्डन कुमार और सागर प्रकाश, जबकि महिला टीम में आरती कुमारी, अनशु कुमारी, अल्पना कुमारी और गुड़िया कुमारी जैसी होनहार खिलाड़ियों ने जगह बनाई है। पुरुष टीम की कमान सुमित कुमार रॉय, और महिला टीम की कप्तानी भूमिका शुक्ला के हाथों में है।

    विश्वस्तरीय खेल परिसर बना आयोजन का केंद्र

    राजगीर का खेल परिसर आज देश के अत्याधुनिक स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का परिचायक बन चुका है। 45,000 दर्शकों की क्षमता वाले मुख्य स्टेडियम के साथ यहां इनडोर हॉल, एथलेटिक्स ट्रैक, स्विमिंग पूल, हॉकी, फुटबॉल, टेनिस व बैडमिंटन जैसे खेलों की अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली सुविधाएं उपलब्ध हैं।

    उपस्थित रहे कई गणमान्य

    इस अवसर पर खेल विश्वविद्यालय के कुलपति श्री शिशिर सिंहा, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र, खेल निदेशक महेंद्र कुमार, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी और रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस समेत कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।

    यह भी पढ़ें- भारतीय रग्बी टीम में शामिल हुए डेविड मुंडा और अजित नाग, राजगीर में दिखाएंगे जलवा