Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Muzaffarpur News: बेटे की हरकतों से परेशान रिटायर फौजी, गोली मारकर ले ली जान; फिर कर दिया सरेंडर

    Updated: Sun, 01 Jun 2025 01:50 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र में एक रिटायर फौजी ने अपने बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया और अपराध स्वीकार किया। मृतक की पत्नी ने सास पर उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है पता चला है कि मृतक पहले भी शराब के मामले में जेल जा चुका था।

    Hero Image
    रिटायर फौजी ने गोली मारकर की पुत्र की हत्या (सांकेतिक तस्वीर)

    संवाद सहयोगी, कुढ़नी (मुजफ्फरपुर)। तुर्की थाना क्षेत्र के गौरीहारी गांव में शुक्रवार की रात रिटायर फौजी ने गोली मारकर अपने पुत्र की हत्या कर दी। इसके बाद लाइसेंसी बंदूक के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

    समर्पण के दौरान फफक-फफककर रोते पिता ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि नशा करके उसके बेटे ने समाज की शांति भंग कर दी थी। मामले में आरोपित की बहू ने सास के उकसाने पर पति की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बताया जाता है कि शुक्रवार की रात करीब 11.30 बजे रिटायर फौजी हरेंद्र सिंह का अपने पुत्र के साथ विवाद हो गया। इसी दौरान पिता ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से अपने पुत्र शशिरंजन सिंह (35) के सीने में दो गोलियां उतार दीं। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

    इसके बाद अपने फोन से स्वयं तुर्की थाना पुलिस को कॉल कर घटना की जानकारी दी। मामले में मृतक की पत्नी मुनिता कुमारी ने तुर्की थाने में दिए आवेदन में कहा है कि ससुर हरेंद्र सिंह उनके पति शशि रंजन सिंह से किसी बात पर गाली-गलौच कर रहे थे।

    आरोप लगाया है कि उसकी सास सुनीता देवी ने ससुर को कहा कि इसे गोली मार दो, नहीं तो खाने में जहर देकर वह इसे मार देगी। इसी उकसावे पर उसके ससुर ने लाइसेंसी बंदूक से पति के सीने में गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

    मुनिता ने यह भी आरोप लगाया है कि जब वह शोर मचाने लगी तो उसे भी गोली मार देने की धमकी दी गई, हालांकि, वह किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।

    सूचना मिलते ही एसडीपीओ-2 पश्चिमी एसी ज्ञानी घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। इसी दौरान आरोपित पिता ने अपना अपराध स्वीकार कराते हुए बंदकू के साथ आत्मसमर्पण कर दिया।

    तुर्की एसआइ मंजर अहमद खान ने बताया कि शराब पीकर मारपीट व अन्य मामलों में युवक दो बार जेल जा चुका था। एक बार शराब पीकर हुड़दंग मचाने के आरोप में मनियारी थाना पुलिस ने भी उसे जेल भेजा था।

    रिटायर फौजी हरेंद्र सिंह पुत्र की करतूत से कोर्ट-कचहरी का चक्कर लगाते परेशान हो गए थे, लेकिन शशिरंजन में कोई सुधार नहीं आया। वह शराब, गांजा, चरस, स्मैक सहित अन्य सभी प्रकार के नशे का सेवन करता था। नशापान कर घर आते ही विवाद शुरू कर देता था।

    एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। आरोपित रिटायर फौजी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।