मुजफ्फरपुर की मिट्टी में पले-बढ़े IAS Pratyay Amrit संभालेंगे मुख्य सचिव की कमान, जानिए उनके बारे में
मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रत्यय अमृत बिहार के नए मुख्य सचिव नियुक्त हुए हैं। वे 1 सितंबर को पदभार संभालेंगे। नीतीश सरकार में वे मुजफ्फरपुर के तीसरे व्यक्ति हैं जो इस पद पर पहुंचे हैं। उन्होंने आपदा प्रबंधन स्वास्थ्य सेवा और सड़क निर्माण जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने भाव्या ऐप लॉन्च किया और कैंसर अनुसंधान केंद्र की स्थापना में भी सहयोग किया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। जिले की मिट्टी में पले-बढ़े एवं वरिष्ठ आइएएस अधिकारी प्रत्यय अमृत को बिहार सरकार ने राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वह एक सितंबर से पद की कमान संभालेंगे। नीतीश सरकार में जिले के तीसरे व्यक्ति इस पद पर पहुंचे हैं। इनसे पहले दो अन्य आइएएस अधिकारी अशोक कुमार व त्रिपुरारी शरण भी बिहार के मुख्य सचिव रह चुके हैं।
प्रत्यय अमृत के पिता डॉ. रिपुसूदन श्रीवास्तव बीएन मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के कुलपति रह चुके हैं। मां भी हिंदी की प्राध्यापक थीं। एक बहन मध्य प्रदेश में आईपीएस पदाधिकारी हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई शहर के प्रभात तारा स्कूल में हुई थी।
प्रत्यय अमृत 1991 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। लंबे व प्रभावशाली करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। उन्हें विशेष रूप से बिहार के आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवा और सड़क निर्माण जैसे क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए जाना जाता है।
अपर सचिव के रूप में, उन्होंने बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को प्रभावी ढंग से संचालित किया और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सराहनीय काम किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में भी कार्य किया।
उन्होंने राज्य में सड़कों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लंबे समय तक वह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव रहे। उनकी देखरेख में यहां पर भाव्या ऐप की लॉन्चिंग हुई। मरीजों के ऑनलाइन इलाज के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तहत यह जिला चयनित हुआ।
वह खुद यहां पर आकर लॉन्चिंग की। इसके साथ होमी भाभा कैंसर अनुसंधान केंद्र और सुपर स्पेशियलिटी की स्थापना में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्वास्थ्य विभाग में रहते हुए इनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।