Bihar Politics: 'महागठबंधन की सरकार बनी तो छठ पूजा...', नित्यानंद राय ने कांग्रेस और राजद पर लगाई आरोपों की झड़ी
भाजपा के संविधान गौरव अभियान के तहत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह राज्यमंत्री ने नित्यानंद राय ने महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में महागठबंधन की सरकार आई तो ये लोग छठ पूजा को भी बंद करवा देंगे। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि महागठबंधन वाले लोगों के अंतिम संस्कार में राम नाम सत्य है बोलना भी रूकवा देंगे।

संवाद सहयोगी, कांटी (मुजफ्फरपुर)। प्रदेश में महागठबंधन की सरकार आई तो छठ पूजा को भी बंद करवा देंगे। कांग्रेस और राजद के लोग तुष्टीकरण के कारण भारत की सभ्यता, संस्कृति और सनातन पर कुठाराघात कर रहे हैं। महागठबंधन वाले लोगों के अंतिम संस्कार में राम नाम सत्य है बोलना भी रूकवा देंगे। यह बात बैरिया स्थित महेश भगत बनवारी लाल कॉलेज में गुरुवार को गृह राज्यमंत्री ने नित्यानंद राय ने कही।
गृह राज्यमंत्री ने नित्यानंद राय भाजपा के संविधान गौरव अभियान के तहत कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।इस दौरान केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने महागठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के लोगों को सिर्फ सत्ता चाहिए। ये वही लोग हैं, जो देश का बंटवारा करने से भी नहीं चूके।
2025 में बिहार जीतेंगे
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि गरीब, दलित, शोषित व वंचितों के रखवाले नरेंद्र मोदी हैं। विपक्षियों ने संविधान बदलने की साजिश कर गरीब दलितों को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया है। इसका कोई असर नहीं है। जनता जनार्दन के आशीर्वाद से देश जीते है, 2025 में बिहार भी जीतेंगे।
- उन्होंने कहा बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को अपमानित करने वाली कांग्रेस का साथ देने वाले आरजेडी व अन्य विपक्षी पार्टियां सावधान हो जाएं।
- दो बार सदन मे कांग्रेस ने बाबा साहेब को जाने से रोका। तत्कालीन पीएम जवाहर लाल नेहरू की बुरी नजर ने बाबा साहेब को हमेशा अपमानित किया।
- 75 वर्षों तक सत्ता पर आसीन कांग्रेस व उसके सहयोगियों ने केवल गरीबों को लूटा है। गरीबों को उचित सम्मान व योजनाओं में समुचित भागीदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही दी है।
यूसीसी को पीएम मोदी ने किया लागू
- गृह राज्यमंत्री ने कहा, बाबा साहब के सामान नागरिक संहिता का सपना यूसीसी को पीएम मोदी ने लागू किया। आंबेडकर संस्कृत को उत्कृष्ट भाषा बनाना चाहते थे, उसका भी कांग्रेस ने विरोध किया।
- धारा 370 को नरेंद्र मोदी ने खत्म करके आंबेडकर की आत्मा को शांति दी। अनुसूचित जाति के आरक्षण के विरोध की भावना कांग्रेस रखती थी। मोदी ने अनुसूचित जाति को सम्मान दिया।
- बाबा साहब आंबेडकर को भारत रत्न कांग्रेस ने नहीं दिया। कांग्रेस के लोग अपने परिवार में भारत रत्न ले लिया करते थे। नरेंद्र मोदी की सरकार आई तो बाबा साहब को भारत रत्न देकर सच्ची श्रद्धांजलि दी गई।
उन्होंने बाढ़ के दौरान केंद्र सरकार से प्राप्त 11 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में बाढ़ पीड़ितों के लिए केंद्र से दी गई मदद को लूट लिया गया।
बच्चों के लिए दूध व पीड़ितों के भोजन के खरीदारी को कागजों में दिखाकर घोटाला कर लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष पश्चिमी हरिमोहन चौधरी व संचालन उपेंद्र पासवान ने किया। इस दौरान मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा, पूर्व मंत्री अजीत कुमार, सुरेश शर्मा, जिलाध्यक्ष पूर्वी विवेक कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष रंजन कुमार, साहेबगंज विधायक राजू कुमार सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।