Bihar News: एक और शहर में औद्योगिक क्षेत्र को मंजूरी, 700 एकड़ में होगा विकसित, दी जाएंगी ये सुविधाएं
Bihar News पारू में औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए 700 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। राज्य कैबिनेट ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है जिससे क्षेत्र में विकास की उम्मीद है। हालांकि किसानों का विरोध जारी है क्योंकि वे अपनी उपजाऊ भूमि को खोना नहीं चाहते। किसानों से बातचीत कर समाधान निकालने की बात कही जा रही है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bihar News: लंबे इंतजार के बाद जिले के पश्चिमी दियारा क्षेत्र पारू में 20 जून को रेल सेवा शुरू हुई। इस सेवा के अभी डेढ़ माह बाद ही प्रखंड को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। यहां सात सौ एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। मंगलवार को राज्य कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी।
2.97 अरब की राशि से उक्त क्षेत्र की जमीन का अधिग्रहण होगा। पटना-बेतिया निर्माणाधीन फोरलेन के पास यह नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का विकास बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) के माध्यम से किया जाएगा।
विदित हो कि जिले के बेला व मोतीपुर में औद्योगिक क्षेत्र विकसित है। पारू तीसरा औद्योगिक क्षेत्र होगा। चिह्नित भूमि अंचल के चतुरपट्टी, चिउटाहा व भोजपट्टी मौजा में स्थित है। अंचल के चैनपुर चिहुंटाहा में 250 एकड़, भोजपट्टी में 95 एकड़, चतुरपट्टी में 150 एकड़, हरपुर में 120 एकड़ और विशनपुर सरिया में 85 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। उद्योग विभाग को भेजे गए प्रस्ताव में भूमि का नक्शा भी संलग्न है। विभाग के अनुसार इस क्षेत्र में उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं जैसे सड़क, जल आपूर्ति, बिजली, संचार नेटवर्क व सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएंगी।
रेलवे और हाईवे से होगी कनेक्टिविटी
नया औद्योगिक क्षेत्र परिवहन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगा। एक ओर पटना-बेतिया हाईवे तो दूसरी ओर हाजीपुर-सुगौली रेललाइन से यह इलाका जुड़ा रहेगा। इससे परिवहन व कच्चे माल की आवाजाही में सहूलियत होगी। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के अनुसार इस औद्योगिक क्षेत्र के विकास से न केवल स्थानीय स्तर पर औद्योगिक विकास को बल मिलेगा, बल्कि रोजगार के भी व्यापक अवसर सृजित होंगे। बाहर की कंपनियां यहां निवेश करेंगी और नई उत्पादन इकाइयां स्थापित की जाएंगी।
एग्रो बेस्ट उद्योग की संभावना
इलाके में धान, गेहूं, मक्का के साथ सब्जी की अच्छी खेती होती है। यहां औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने पर एग्रो बेस्ट उद्योग की संभावना होगी। चावल मिल के अलावा फूड पार्क की संभावना है। नए हाईवे के कारण पटना की दूरी कम होने से इलाके में विकास की गति को बढ़ावा मिलेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।