Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दुल्‍हन को ब्‍यूटी पार्लर में मारी थी गोली, 18 घंटे में पकड़ाया एकतरफा आशि‍क; बिहार पुलिस का जवान है आरोपी

    By Rajnish KumarEdited By: Prateek Jain
    Updated: Mon, 22 May 2023 07:32 PM (IST)

    Munger Crime 21 मई की रात कासिम बाजार स्थित एक ब्यूटी पार्लर में शादी से कुछ घंटे पहले अपूर्वा कुमारी को बिहार पुलिस के जवान अमन कुमार ने गोली मार दी थी। जवान की पटना में तैनाती थी। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

    Hero Image
    दुल्‍हन को ब्‍यूटी पार्लर में मारी थी गोली, 18 घंटे में पकड़ाया एकतरफा आशि‍क; बिहार पुलिस का जवान है आरोपी

    मुंगेर, संवाद सहयोगी: 21 मई की रात कासिम बाजार स्थित एक ब्यूटी पार्लर में शादी से कुछ घंटे पहले अपूर्वा कुमारी को बिहार पुलिस के जवान अमन कुमार ने गोली मार दी थी। जवान की पटना में तैनाती थी।

    घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ब्यूटी पार्लर में लगे सीसीटीवी फुटेज में गोली मारने वाले जवान की पहचान की।

    एसपी ने बनाई थी टीम

    मामले ने काफी तूल पकड़ लिया था। ऐसे में पुलिस कप्तान जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने आरोपित जवान की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई।

    टीम में कोतवाली, कासिम बाजार और मुफस्सिल थानाध्यक्ष को शामिल किया गया। टीम को 48 घंटे के अंदर आरोपित जवान को गिरफ्तार करने का टास्क दिया गया था।

    एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने घटना के 18 घंटे के अंदर आरोपित जवान को किला परिसर से गिरफ्तार कर लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है।

    पुलिस मुख्‍यालय भेजी गई गिरफ्तारी की सूचना

    आरोपित जवान की गिरफ्तारी सूचना मुख्यालय को भेज दी गई है। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह अपूर्वा से एकतरफा प्यार करता था। युवती की शादी की सूचना पर उसने हत्या करने की साजिश रची थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि18 मई को अमन को पता चला अपूर्वा की शादी हो रही है। इस सूचना पर अमन ट्रेन से मुंगेर स्थित अपना घर तारापुर दियारा महेशपुर पहुंचा।

    अपूर्वा से मिलने की कोशिश कर रहा था अमन

    घर पहुंचने के बाद अमन लगातार अपूर्वा से मिलने का प्रयास करता रहा, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सका। अमन अपूर्वा को कई वर्षों से जानता था।

    अमन काे जानकारी मिली कि अपूर्वा की शादी 21 मई को मुंगेर शहर स्थित एक मैरि‍ज हॉल से होनी है और इसके पहले वह मेकअप के लिए ब्यूटी पार्लर जाएगी।

    इसके बाद अमन ब्यूटी पार्लर पहुंच गया। कुछ देर बाद पिस्तौल लोड कर जान से मारने की नीयत से अपूर्वा पर गोली चला दी।

    खुद को गोली मारने का किया था प्रयास

    पार्लर के कर्मचारियों ने बताया कि युवक युवती के साथ ही आया था। संवरने के दौरान युवती के पीछे ही युवक खड़ा था। कर्मियों ने बताया कि उन्हें लगा कि वह लड़की के परिवार का सदस्य है।

    इस बीच अमन ने पिस्टल में गोली लोड की और युवती पर पीछे से गोली चला दी। इसके बाद अमन ने भी खुद को गोली मारने का प्रयास किया, इसमें वह सफल नहीं रहा। कर्मियों ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन इस बीच वह किसी तरह वहां से भाग निकला।

    युवती की हालत खतरे से बाहर

    गोली लगने से घायल हुई अपूर्वा की हालत अब खतरे से बाहर है। युवती का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने युवती के पिता का बयान दर्ज किया है। ब्यूटी पार्लर में लगे सीसीटीवी फुटेज में गोली मारे जाने की तस्वीर कैद है।

    रात में ही लौट गई बरात

    युवती की शादी तारापुर दियारा के महेशपुर निवासी जितेंद्र कुमार की बेटी अपूर्वा की शादी मय पंचायत के अरुण कुमार के पुत्र उत्तम कुमार से तय हुई थी। शादी समारोह शहर के एक मैरि‍ज हॉल में होना था।

    रविवार की रात बरात भी पहुंच गई थी, ले‍किन देर रात तक बरात वापस लौट गई, लड़केवालों ने लड़की के पिता को आश्वासन दिया है कि पूरी तरह स्वस्थ्य होने के बाद 28 मई को देवघर में मंदिर में शादी की रस्म पूरी होगी।