Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मधुबनी का अतीत गौरवपूर्ण : मंत्री

    By Edited By:
    Updated: Mon, 01 Dec 2014 07:18 PM (IST)

    जागरण संवाददाता, मधुबनी : मधुबनी का अतीत गौरवपूर्ण व इतिहास स्वर्णिम रहा है। मधुबनी विद्वतजनों की धर

    जागरण संवाददाता, मधुबनी : मधुबनी का अतीत गौरवपूर्ण व इतिहास स्वर्णिम रहा है। मधुबनी विद्वतजनों की धरती रही है। लोक देवी-देवता के आस्था का केंद्र रहा है। देश की आजादी में भी मधुबनी के सपूतों का अहम योगदान रहा है। उक्त बातें सूबे के खान एवं भू-तत्व मंत्री राम लषण राम रमण ने स्थानीय वाट्सन उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित जिला स्थापना दिवस समारोह का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करने के बाद जिलेवासियों को संबोधित करते हुए कही। इससे पूर्व उन्होंने रंग-बिरंगे गुब्बारे भी छोड़े। मंत्री श्री रमण ने कहा कि सरकार मधुबनी जिले के विकास के प्रति संवेदनशील है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण, विभिन्न पथों, पुल-पुलियों का सुदृढ़ीकरण, मछली व मखाना के उत्पादन को प्रोत्साहित करने, विभिन्न ऐतिहासिक व पुरातात्विक महत्व के स्थलों को पर्यटन के क्षेत्र के रुप में विकसित करने की दिशा में भी सरकार प्रयास कर रही है ताकि मधुबनी को विकसित जिला बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि 3501 वर्ग किमी भू-भाग में फैले मधुबनी जिला की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, अध्यात्मिक, बौद्धिक समृद्धि गौरवान्वित करने वाली है। इस जिले की धरती उर्वरा से धनी है। जलाशयों से यह धरती भरा पड़ा है। यहां की भित्ति चित्र का भी कोई जोर नहीं है। यहां की भाषा भी मीठी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं विधायक विनोद नारायण झा ने कहा कि मधुबनी के गौरवमयी इतिहास का वर्णन वेद-पुराणों तक में भी है। उन्होंने कहा कि जेएस ग्रियर्सन, वाट्सन, किंग्स, डब्ल्यूजी आर्चर जैसे अंग्रेज अफसर का मधुबनी के विकास में योगदान को भी भुलाया नहीं जा सकता। डब्ल्यूजी आर्चर ने मधुबनी पेंटिंग को ब्रिटिश लाइब्रेरी तक पहुंचाया। आज मधुबनी की पहचान देश-दुनिया में मधुबनी पेंटिंग को लेकर भी है। विधान श्री झा ने मधुबनी के गौरवपूर्ण इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। इससे पूर्व डीएम गिरिवर दयाल सिंह ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि मिथिला की कला-संस्कृति समृद्ध रही है। उन्होंने मधुबनी जिले के 43 वें स्थापना दिवस पर सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया। समारोह को जिप अध्यक्ष नसीमा खातून, जिप उपाध्यक्ष भारत भूषण, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष लक्ष्मेश्वर राय आदि ने भी संबोधित किया। समारोह में विधायक रामावतार पासवान भी मौजूद थे। समारोह का संचालन विपिन कुमार पाण्डेय ने किया। इससे पूर्व आगत अतिथियों का स्वागत पाग-दोपटा व पुष्प गुच्छ से किया गया। इस समारोह में सहायक समाहत्र्ता डा. नवल किशोर चौधरी, वरीय उप समाहत्र्ता सत्य प्रकाश, नरेश झा व अशोक कुमार गुप्ता, लेखा प्रशासन व स्व-नियोजन निदेशक अरशद अली, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जटाशंकर झा समेत विभिन्न पदाधिकारी, समाजसेवी, विद्वतजन आदि भी उपस्थित थे।

    ------------------

    बाक्स

    संगीत, नृत्य की प्रस्तुतियों पर विभोर होते रहे दर्शक

    फोटो : 1एमडीबी 5 से 11, 18, 19

    -रंगारंग गीत संगीत कार्यक्रम का आयोजन

    -विभागों से जुड़े 42 स्टाल लगाए गए

    जागरण संवाददाता, मधुबनी : जिला स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय वाटसन हाई स्कूल में आयोजित समारोह के पहले सत्र में स्टालों का उद्घाटन करते हुए डीएम गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि आज का दिन विलक्षण सोच का नतीजा है। मधुबनी का इतिहास गौरवशाली रहा है। आज मधुबनी के इतिहास व विकास को जानने का दिन है। यहां की प्रतिभा देश विदेशों में बेहतर कार्य कर प्रशंसा बटोर रहे हैं। श्री सिंह ने कहा कि यहां के लोगों में विलक्षण प्रतिभा है। यहां की कला व संस्कृति उच्च स्तर की है। जिसकी देश विदेश में अलग पहचान है। उन्होंने जिले वासियों से मधुबनी के चहुंमुखी विकास में सहयोग की अपील की। इस अवसर पर उनके साथ एसपी मो रहमान, डीडीसी राजकुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पंडित विपिन कुमार पांडेय ने की। जबकि प्रशासनिक अधिकारी नरेश झा ने बीच-बीच में उपस्थित दर्शकों के बीच प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

    स्टालों के जरिए विकास की जानकारी :

    इस अवसर पर कुल 42 स्टाल लगाए गए हैं। कृषि विभाग का स्टॉल सबसे बड़ा है। जिसमें जिले के प्रगतिशील किसानों ने विभिन्न प्रकार की सब्जियों, फलों, मधु व अन्य कृषि उत्पादित वस्तुओं को प्रदर्शित किया है। यहां जिला कृषि पदाधिकारी शिलाजीत सिंह, स्वयं की देखरेख में व्यवस्था की है। इस अवसर पर आत्मा के परियोजना निदेशक रेवती रमण, जिला उद्यान पदाधिकारी अजीत कुमार यादव सहित विभाग के अधिकारी व कर्मी मौजूद थे। पहली बार जिला सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा मधुबनी दर्शन बैनर के तले स्टाल लगाया है। जिसमें मधुबनी के सबसे महत्वपूर्ण 8 प्राचीन धार्मिक स्थलों व 4 महान विभूतियों से संबंधित चित्र सहित जानकारी प्रस्तुत की है। जिसे भारी संख्या में लोगों ने देखा व सराहना की। इसकी व्यवस्था में जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी जयशंकर प्रसाद ने की थी।

    वहीं बेनीपट़्टी का प्रसिद्ध बंशी साह की छेना का दुकान भी लगा है। जहां लोग छेना खाने का आनंद ले रहे हैं। शिक्षा विभाग, सिंचाई विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग सहित सभी विभागों का विकास से संबंधित स्टाल लगाए गए है। डीएम ने सभी स्टालों का निरीक्षण किया।

    रंगारंग गीत- संगीत व नृत्य :

    इस अवसर पर देर रात तक रंगारंग गीत-संगीत व नृत्य का मनमोहक कार्यक्रम विभिन्न कॉलेज व स्कूलों के छात्र छात्राओं ने प्रस्तुत किया। आरंभ में स्वागत गान नवोदय विद्यालय रांटी की छात्राओं ने प्रस्तुत किया। उसके बाद खजौली की नेत्रहीन छात्रा आशुकुमारी झा ने मैथिली में स्वागत गान गाकर मन मोह लिया। उसके बाद चला गीत-संगीत व नृत्य का दौर जिसमें आपीएस स्कूल की छात्राओं ने मनमोहक झरनी पर नृत्य प्रस्तुत किया। रिजनल सेकेंड्री स्कूल के छात्रों ने गजल पेश किया। कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय बेनीपट्टी की छात्राओं ने कव्वाली पेश की। पोल स्टार की छात्राओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। डीएवी स्कूल झंझारपुर छोटी-छोटी छात्राओं ने ओ माई फ्रेंड गणेशा गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। जिस पर डीएम, एसपी, डीडीसी सहित पूरा पंडाल तालियों से गीत की सराहना की। इसी विद्यालय की छात्राओं ने राजस्थान के घूमर नृत्य की प्रस्तुति कर तालियां बटोरी। कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय लदनियां की छात्राओं ने देश भक्ति गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। शिवगंगा बालिका विद्यालय, कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय रहिका सहित अन्य विद्यालयों के प्रतिभागियों ने आकर्षक गीत व नृत्य की प्रस्तुति देकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

    हुई कई प्रतियोगिताएं :

    इस अवसर पर मटका फोड़, स्लो साइकिल रेस, म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। सांस्कृतिक गतिविधियों में स्थानीय कलाकार बमबम जी का सहयोग भी सराहनीय रहा।

    -------------

    बाक्स

    रोशनी में नहाया समाहरणालय

    फोटो 1एमडीबी 54

    जासं, मधुबनी : जिला स्थापना दिवस के अवसर पर समाहरणालय व विकास भवन सहित अन्य सरकारी विभागों के भवनों पर हरे रंग की रंगबिरंगी बल्वों की लड़ियों से सजाया गया। जिससे इसकी शोभा देखते ही बनती थी। समारोह स्थल के मुख्य द्वार, समाहरणालय के मुख्य द्वार पर इलेक्ट्रानिक पैनलों से सजाया गया है। जो बरबस ध्यान खींच रहा था। वहीं कई प्रमुख निजी संस्थानों को बल्वों की लड़ी से सजाया गया था।

    --------------

    रक्तदान शिविर का आयोजन

    फोटो 1एमडीबी 55

    जासं, मधुबनी: स्थापना दिवस पर जहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ विभागीय स्टाल लगाए गए थे। वहीं डा. गिरीश पांडेय के नेतृत्व में रक्तदान शिविर का आयेाजन किया गया। शिविर का उद्घाटन डीएम गिरिवर दयाल सिंह ने किया। इसमें एक दर्जन से अधिक युवकों ने रक्तदान किया। इसमें सर्वाधिक सहयोग एनसीसी के कैडेटों ने भी दिया।