Bihar Politics: इस सीट पर माहौल गर्म, चुनाव में भाग्य आजमाएंगे 5 पूर्व मंत्री, 2 बदल चुके हैं पाला
मधेपुरा जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में पांच पूर्व मंत्री चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। राजद के प्रो. चंद्रशेखर और जदयू के नरेंद्र नारायण यादव वर्तमान विधायक हैं। रमेश ऋषिदेव सिंहेश्वर से चुनाव लड़ेंगे। रवींद्र चरण यादव और रेणु कुशवाहा बिहारीगंज सीट से दावेदारी कर रहे हैं जिससे टिकट को लेकर पेंच फंसा हुआ है। राजनीतिक गलियारों में नए चेहरों को लेकर भी चर्चा है।

अमितेष, मधेपुरा। जिले की चार विधानसभा सीट से इस बार पांच पूर्व मंत्री अपना भाग्य आजमाने की तैयारी में हैं। इनमें से दो वर्तमान में विधायक भी हैं। सियासत के मैदान में दमखम से जुटे पांच पूर्व मंत्रियों में राजद के प्रो. चंद्रशेखर मधेपुरा सदर सीट से और जदयू के नरेंद्र नारायण यादव आलमनगर सीट से विधायक हैं।
इनके अलावा, जदयू के जिलाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री रमेश ऋषिदेव सिंहेश्वर (सुरक्षित) विधानसभा सीट से लड़ेंगे। मंत्री रहते गत चुनाव में इन्हें करारी हार मिली थी। वहीं, पूर्व मंत्री रवींद्र चरण यादव भाजपा छोड़ कांग्रेस में और रेणु कुशवाहा लोजपा छोड़ राजद की सदस्यता लेकर बिहारीगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
रेणु कुशवाहा और रवींद्र चरण दोनों की नजरें बिहारीगंज सीट पर टिकी है। खास बात यह है कि एक ही सीट से इंडी गठबंधन से ही दोनों दावेदारी जता रहे हैं।
बात एनडीए की करें तो आलमनगर से लगातार सातवीं बार विधायक चुने गए नरेंद्र नारायण यादव की उम्मीदवारी पक्की मानी जा रही है। वे 2005 में नीतीश सरकार में ग्रामीण कार्य मंत्री बने थे। इसके बाद 2010-2014 तक भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री रहे। 2019-20 तक लघु सिचाई मंत्री बनाए गए।
वर्तमान में यानी फरवरी 2024 से विधानसभा उपाध्यक्ष हैं। वहीं, 20 तक अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री रहे रमेश ऋषिदेव को लेकर चर्चा है कि वे सिंहेश्वर(सुरक्षित) से जदयू के संभावित प्रत्याशी हैं। वर्तमान में जदयू के जिलाध्यक्ष भी हैं। मंत्री रहते इनकी 2020 में करारी हार हुई थी।
टिकट मिले तो बात बने:
अब बात आईनडीआईए की। प्रो. चंद्रशेखर मधेपुरा से लगातार तीसरी बार विधायक हैं। महागठबंधन की सरकार में नवंबर 2015 से जुलाई 2017 तक और जुलाई 2022 से लेकर जनवरी 2024 तक बिहार के शिक्षा मंत्री रहे। इसी तरह राबड़ी देवी मंत्रिमंडल में 1997 से 2000 तक प्रो. रवींद्र चरण यादव भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री रहे।
2000 में लघु हस्तकरघा एवं कुटीर उद्योग मंत्री बने। बीच में मंत्रिमंडल फेरबदल में उर्जा मंत्री बनाए गए। रेणु कुशवाहा 2010 से 2014 तक कृषि मंत्री रहीं।
अब प्रो. रवींद्र चरण यादव कांग्रेस से और रेणु कुशवाहा राजद से यानी दोनों का एक ही विधानसभा सीट बिहारीगंज पर दावा है, लेकिन असल सवाल टिकट का है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो आइएनडीआइए में टिकट का पेंच फंसा हुआ है। नए चेहरे पर दांव खेले जाने की भी रणनीति बनाई जा रही वर्तमान में किन्ही का कंफर्म नहीं माना जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।