विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जम्मू में हादसा, बिहार में मातम: 10 लोगों की मौत, रिजर्व बस से 70 लोगों को लेकर मुंडन कराने जा रहा था परिवार

By Jagran NewsEdited By: Aditi Choudhary
Published: Tue, 30 May 2023 09:49 AM (IST)Updated: Tue, 30 May 2023 11:26 AM (IST)

पंजाब के अमृतसर से कटरा जाने के दौरान जम्मू के झज्जर कोटली इलाके में एक बस पुल से 50 फीट ...और पढ़ें

जम्मू बस हादसे में बिहार के 10 लोगों की मौत, मुंडन कराने जा रहा था परिवार; 50 से अधिक घायल
जम्मू बस हादसे में बिहार के 10 लोगों की मौत, मुंडन कराने जा रहा था परिवार; 50 से अधिक घायल

पटना, जागरण संवाददाता। जम्मू में मंगलवार की सुबह अमृतसर से कटरा जा रही यात्रियों से भरी बस 50 फीट गहरे खाई में गिर गई। इस बस में बिहार के करीब 70 लोग सवार थे। हादसे में 10 लोगों के मरने की सूचना है। बताया जा रहा है कि ओवरलोडिंग के कारण हादसा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बिहार के लखीसराय शहर से सटे बालूपर गांव से मुकेश शर्मा के तीन बच्चों का वैष्णो देवी में मुंडन संस्कार होना था। मुकेश शर्मा अपने परिवार सहित 40 सगे-संबंधियों के साथ 24 मई को अकालतख्त एक्सप्रेस ट्रेन से पंजाब के अमृतसर रवाना हुए थे।

पंजाब से वैष्णो देवी के लिए निकले 70 लोग

अमृतसर में मुकेश के पिता रामवृक्ष शर्मा कई वर्षों से रह रहे हैं। अमृतसर से कुल 70 लोग बस रिजर्व कर 29 मई की रात को जम्मू के कटरा के लिए रवाना हुए। बस में कई बच्चे और महिलाएं भी मौजूद थीं। इसी दौरान जम्मू में जाकर बस खाई में गिर गई।

कुल तीन बच्चों का मुंडन होना था, जिसमें दो वर्षीय लाडो की बस दुर्घटना में मौत हो गई

अपनों की सलामती की कर रहे दुआ

इसमें अभी तक दर्जन भर लोगों की मौत होने की जानकारी मिल रही है। हादसे में मुकेश शर्मा की दो साल की बेटी लाडो और डिघरी गांव निवासी मौसा की भी मौत हो गई। लाडो का भी मुंडन संस्कार होना था। हादसे के बाद बिहार में मृतकों के घर में मातम पसरा है। सभी फोन पर अपने-अपने परिजनों की खोजबीन कर उनकी सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

लखीसराय में डिघरी गांव में मुकेश शर्मा के मौसा के घर में रोते-बिलखते स्वजन

रेस्क्यू ऑपरेशन कर निकाले सभी लोग

जम्मू एसएसपी चंदन कोहली ने बताया कि बस में सीमा से अधिक यात्री सवार थे। श्रद्धालुओं से खचाखच भरी बस जम्मू के झज्जर कोटली इलाके में एक पुल से 50 फीट गहरे खाई में गिर गई। बस खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई।

मौके पर रेस्क्यू के लिए स्थानीय थाना की पुलिस के अलावा सीआरपीएफ, एसडीआरएफ समेत पहुंची और श्रद्धालुओं को बस से निकालना शुरू किया। एसएसपी ने बताया कि  रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग पूरा हो चुका है।सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

ललन सिंह ने जम्मू कश्मीर के राज्यपाल से की बात

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मुंगेर के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने जम्मू कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा से मोबाइल पर बात की है। ललन सिंह ने घायलों का बेहतर इलाज सरकारी स्तर पर कराने, मृतकों के आश्रित को सरकार से तय अनुदान राशि मुआवजा स्वरूप देने एवं सभी शव को हवाई मार्ग से पटना भेजने का अनुरोध किया है।

सांसद ललन सिंह ने घटना को दुखद बताया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार सरकार इस मामले में संवेदनशील है और हर संभव मदद करने को तैयार है। लखीसराय जिले के लिए यह बड़ी घटना है और इसके लिए वे अति दुखी हैं।