विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 16, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar: खजाने के लालच में घरवालों ने वृद्ध को जिंदा जलाया, खुद भी कर रहे विचित्र हरकतें, जादू-टोने का है मामला

By Jagran NewsEdited By: Mohit Tripathi
Published: Wed, 16 Aug 2023 11:21 PM (IST)

बिहार में किशनगंज में छिपे खजाने के लालच में सोमवार देर रात एक वृद्ध को उसकी पत्नी बेटे और दो ...और पढ़ें

वृद्ध को जिंदा जलाने के बाद घटनास्थल पर इकट्ठा लोग।
वृद्ध को जिंदा जलाने के बाद घटनास्थल पर इकट्ठा लोग।

संवाद सूत्र, बहादुरगंज (किशनगंज): बिहार में किशनगंज के दुलाली गांव में छिपे खजाने के लालच में सोमवार देर रात एक वृद्ध को उसकी पत्नी, बेटे और दो बेटियों ने घर के आंगन में ही जिंदा जला दिया। घर की बहू ने जब घटना का विरोध किया, तो परिवार वालों ने उसे भी एक कमरे में बंद कर दिया।

घटना के बाद सभी आरोपी अनाप-शनाप बड़बड़ा रहे हैं। विचित्र हरकतें भी कर रहे हैं। कह रहे हैं कि जिन्नात ने घर में खजाने से भरा घड़ा भेजा है। उसमें सोना-चांदी भरा पड़ा है। यदि कोई उस घर में जाने का प्रयास करता है तो परिवार वाले गाली-गलौच करते हैं।

ग्रामीणों के साथ की गाली-गलौच

सोमवार रात को दुलाली गांव निवासी 62 वर्षीय कलीमुद्दीन उर्फ कलुआ मुल्ला को उनके घर के आंगन में ही परिवार वालों ने जिंदा जला दिया। इस घटना को बेटे परवेज आलम और उसकी पत्नी व दो बेटियों ने अंजाम दिया।

मंगलवार सुबह घटना की भनक ग्रामीणों को लगी, तो वे आरोपी के घर जाने का प्रयास करने लगे। आरोपियों ने किसी को भी आंगन में नहीं आने दिया व गाली-गलौच करने लगे।

पुलिस के सामने अजीब हरकतें करते नजर आये आरोपी

मामले की गंभीरता को समझते हुए ग्रामीणों ने परिवार के लोगों को रस्सी से बांध दिया और घटना की सूचना बहादुरगंज पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बहादुरगंज पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचते ही सभी आरोपी उनके सामने अजीब हरकतें करने लगे।

क्या बोले स्थानीय थानाध्यक्ष

बहादुरगंज थानाध्यक्ष और प्रशिक्षु डीएसपी राजन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है। मानसिक रूप से विक्षिप्त परिवार के लोगों ने ही घटना को अंजाम दिया है।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर सभी आरोपी अजीब हरकतें करते नजर आए। घटना को लेकर किसी ने कोई शिकायत नहीं की है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। कुछ लोग इसके पीछे जादू-टोने की बात भी कर रहे हैं।

जादू-टोना के चक्कर में हत्या

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के परिवार वाले एक जादू-टोना करने वाले के चक्कर में फंस गए थे। उसने परिवार के लोगों को कलीमुद्दीन के पास खजाना होने की जानकारी दी थी। उसके बाद से परिवार के सदस्य कलीमुद्दीन पर खजाना निकालने का दबाव बना रहे थे।

कलीमुद्दीन के बार-बार मना करने पर परिवार वालों ने इस घटना को अंजाम दिया। इधर, एसडीपीओ गौतम कुमार ने बताया कि पुलिस मामले का अनुसंधान कर रही है।