Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Politics: चिराग के MP और नीतीश के MLA में 'टेंशन', पटना से 165 KM दूर छिड़ी सियासी 'महाभारत'

    Updated: Tue, 18 Feb 2025 08:32 PM (IST)

    खगड़िया की राजनीति में खलबली मची हुई है। सांसद राजेश वर्मा (MP Rajesh Verma) और विधायक डॉ. संजीव कुमार (MLA Sanjeev Kumar) के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। सांसद ने विधायक पर बाहरी होने का आरोप लगाया है तो विधायक ने सांसद पर विकास कार्यों का श्रेय लेने का आरोप लगाया है। दोनों ही नेताओं ने एक-दूसरे को चेतावनी भी दी है।

    Hero Image
    केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।

    जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया की राजनीति इन दिनों गरमा गई है। खगड़िया से चिराग पासवान के सांसद राजेश वर्मा और परबत्ता से नीतीश कुमार के विधायक डॉ. संजीव कुमार के बयानों के बाद यहां की राजनीति में भूचाल मचा हुआ है। दोनों आमने-सामने हैं। पटना से 165 किमी दूर खगड़िया में सियासी पारा हाई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मालूम हो कि दोनों एनडीए में हैं। सांसद राजेश वर्मा लोजपा (रा) से खगड़िया सांसद हैं, तो डॉ. संजीव कुमार जदयू से परबत्ता विधायक हैं।

    इस विवाद की नींव माघी पूर्णिमा, 12 फरवरी के दिन पड़ी। उस दिन परबत्ता प्रखंड के सियादतपुर अगुवानी पंचायत स्थित डुमरिया बुजुर्ग गांव में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि खगड़िया सांसद राजेश वर्मा थे। जहां सांसद के 'बाहरी' वाले बयान ने आग में घी का काम किया।

    जानकारी अनुसार- सांसद ने कहा कि जो लोग मुझे बाहरी कहते थे, ये बड़े लोग चुनाव (विधानसभा चुनाव) के बाद खुद बाहर हो जाएंगे। सियासी जानकारों के अनुसार, उनका इशारा परबत्ता विधायक की ओर था।

    इधर, 15 फरवरी को एनडीए के कार्यकर्ता सम्मेलन के दिन परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए सांसद का बिना नाम लिए जबरदस्त प्रहार किया। जिसका जवाब सांसद राजेश वर्मा ने 17 फरवरी को परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान विधायक का बिना नाम लिए दिया।

    परबत्ता से जदयू विधायक डॉ. संजीव कुमार। फाइल फोटो

    छेड़ोगे, तो छोड़ेंगे नहीं: डॉ. संजीव कुमार

    परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार ने कहा है कि छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि बीते लोकसभा चुनाव के दौरान जब उनसे राजेश वर्मा को लोजपा (रा) से टिकट देने के बाबत पूछा गया, तो सहर्ष सहमति जताई। इनके पक्ष में परबत्ता में पहली बैठक हुई। मतदाताओं से इन्हें वोट देने की अपील की। अब इन्होंने घुड़दौड़ प्रतियोगिता के दिन खुद विवाद की शुरुआत की है।

    15 फरवरी को एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दिन पत्रकारों से बात करते हुए परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार ने कहा, मेडिकल कॉलेज के लिए मैंने क्या प्रयास किया, यह जगजाहिर है। विधायक ने कहा, कुछ जनप्रतिनिधि, जिनके दूध के दांत भी नहीं टूटे हैं, वे योजनाओं का श्रेय लेते हुए अपनी उपलब्धि बता रहे हैं।

    विधायक ने कहा, वे डॉक्टर हैं और ऐसे लोगों का इलाज करना जानते हैं। बढ़िया से इलाज होगा। उनके फंड से हुए काम को देखिए, कोई अंगुली नहीं उठा सकते। कहीं कोई कमीशनखोरी नहीं है।

    खगड़िया से लोजपा (रा) के सांसद राजेश वर्मा।

    हम अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं करते, खगड़िया का विकास लक्ष्य: राजेश वर्मा

    इधर, खगड़िया सांसद राजेश वर्मा ने विधायक की टिप्पणी पर कहा कि, सभी के अपने-अपने स्वभाव होते हैं। मेरा स्वभाव अभद्र भाषा के इस्तेमाल का नहीं है। सांसद 17 फरवरी को परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण पर थे।

    इस दौरान उन्होंने परबत्ता विधायक का बिना नाम लिए हुए कहा, अनाप-शनाप बयानबाजी में विश्वास नहीं रखता हूं। हम विकास की राजनीति करते हैं और उसमें विश्वास रखते हैं।

    उन्होंने कहा, हम सेवा करने आए हैं। खगड़िया का विकास ही मेरा लक्ष्य, ध्येय है। अब समय शास्त्र का है। शस्त्र उठाने के दिन लद गए। यह 2005 से पहले होता था।

    मालूम हो कि परबत्ता विधायक ने 15 फरवरी को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा था कि अगर जरूरत पड़ी, तो ऐसे लोगों से शस्त्र उठाकर लड़ाई करेंगे।

    ये भी पढ़ें- Bihar Politics: 'जदयू के साथ भाजपा को भी...', PK के नए दावे से बिहार में तेज हुई सियासी हलचल

    ये भी पढ़ें- Bihar Politics: तेजस्वी को लेकर ललन सिंह ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी, CM नीतीश कुमार का भी लिया नाम