Khagaria News: गंगा और बूढ़ी गंडक के जलस्तर में गिरावट, अभी भी खतरे के निशान के ऊपर बह रही कई नदियां
खगड़िया में नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है जिससे कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं। कोसी और बागमती का जलस्तर स्थिर है जबकि गंगा और बूढ़ी गंडक में गिरावट दर्ज की गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी हैं जिनमें प्लास्टिक शीट का वितरण सामुदायिक रसोई का संचालन और मेडिकल कैंप शामिल हैं।

जागरण संवाददाता, खगड़िया। नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। ‘नदियों के नैहर’ में नदियों की आंखमिचौली जारी है। कोसी और बागमती का जलस्तर बुधवार को बढ़ रहा था। गुरुवार को कोसी और बागमती स्थिर है। गंगा और बूढ़ी गंडक के जलस्तर में गुरुवार को भी गिरावट दर्ज की गई।
इससे बाढ़ क्षेत्र में पानी निकलना शुरू हुआ है। रहीमपुर उत्तरी पंचायत के नीरज कुमार ने बताया कि एक हाथ पानी कमा है। हालांकि अभी भी कई घरों में बाढ़ का पानी जमा है। लोग छतों पर शरण लिए हुए हैं।
मालूम हो कि सदर प्रखंड के रहीमपुर उत्तरी, रहीमपुर मध्यम और रहीमपुर दक्षिणी पंचायत बाढ़ से प्रभावित है। जबकि खगड़िया नगर परिषद के दो वार्ड भी बाढ़ से प्रभावित हैं।
गोगरी नगर परिषद के दो वार्ड और मानसी नगर पंचायत की एक हिस्सा बाढ़ की चपेट में है। जिले की 19 पंचायत बाढ़ की चपेट में हैं। समाचार लिखे जाने तक बाढ़ प्रभावितों के बीच 18 हजार प्लास्टिक शीट बंट चुका था।
33 सामुदायिक रसोई का संचालन हो रहा है। 70 से अधिक मेडिकल कैंप कार्यरत है। 123 नावें चल रही हैं।
इधर गुरुवार की सुबह बाढ़ नियंत्रण अंचल कार्यालय खगड़िया की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार खगड़िया के बलतारा में कोसी का जलस्तर 34.90 मीटर रहा और कोसी स्थिर बताई गई है। जबकि खगड़िया के संतोष जलद्वार के पास बागमती का जलस्तर 36.62 मीटर रहा। बागमती भी स्थिर है।
परंतु दोनों नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। कोसी खतरे के निशान से एक मीटर पांच सेंटीमीटर ऊपर है। जबकि बागमती खतरे के निशान से 99 सेंटीमीटर ऊपर है।
दूसरी ओर, गंगा का जलस्तर खगड़िया के खारा धार जलद्वार के पास गुरुवार की सुबह छह बजे 35.93 मीटर दर्ज किया गया है। गंगा के जलस्तर में 12 घंटे के दौरान (बुधवार की संध्या छह बजे से गुरुवार की सुबह छह बजे तक) नौ सेंटीमीटर की कमी आई है।
जबकि बूढ़ी गंडक का जलस्तर खगड़िया एनएच-31 ब्रिज(अघोरी स्थान) के पास गुरुवार की सुबह छह बजे 37.98 मीटर दर्ज किया गया। बुधवार की संध्या यहां जलस्तर 38.13 मीटर था। 12 घंटे के दौरान जलस्तर में 15 सेंटीमीटर की कमी आई है।
विभाग का दावा
बाढ़ नियंत्रण अंचल कार्यालय खगड़िया की रिपोर्ट के अनुसार कोसी और बागमती स्थिर है। गंगा और बूढ़ी गंडक के जलस्तर में कमी आई है। सभी बांध-तटबंध और आधारभूत संरचनाएं सुरक्षित है। सदत चौकसी जारी है। 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।