Katihar News : किसानी ने बदली बिंदु रानी की जिंदगानी, कुदाल चलाने से लेकर स्प्रे करने तक हर काम में हुईं सयानी
बिंदु रानी के पति दूसरे राज्य में राजमिस्त्री का काम करते हैं। ऐसे में गृहस्थी की जिम्मेदारी बिंदु के ऊपर है। उनके दो बच्चे हैं। गरीबी में जीवन जीते ह ...और पढ़ें
तौफीक आलम, संसू, फलका(कटिहार)। प्रखंड के भंगहा गांव निवासी बिंदु रानी ने खुद से खेती कर न केवल गृहस्थी संभाली है बल्कि आसपास की अन्य महिलाओं के लिए नजीर बनी हुई है। किसानी कर बिंदु खुद तो आर्थिक रूप से सबल हो रही हैं, गांव की अन्य महिलाओं को भी किसानी के गुर बता रही हैं। खेत में कुदाल चलाना हो या कीटनाशक का छिड़काव करना हो, बिंदु खेती से संबंधित ये सभी काम आसानी से कर लेती हैं।
गरीबी में पली बढ़ी बिंदु शादी के बाद ससुराल आईं तो यहां भी गरीबी का सामना करना पड़ा। बिंदु बताती हैं कि दो बच्चों का लालन-पालन करने के लिए उन्होंने खुद ही अपने खेतों में काम करने की ठान ली। वह अभी पति को मिले हिस्से की जमीन के साथ-साथ लीज पर दो बीघा जमीन लेकर मक्का की खेती कर रही हैं।
गरीबी उन्हें हर पल ललकारती थी। ऐसे में पहले अपनी सूझबूझ से गांव के कुछ किसानों की जमीन बटाई पर लेकर खेती की शुरूआत की। गरीबी से लड़ते हुए और अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति से खेती के साथ-साथ बकरी व पशु पालन कर बचत कर बसोबास की जमीन खरीदी। निजी जमीन सहित बंटाई व लीज पर जमीन लेकर खेती कर रही हैं।
पति करते हैं दूसरे राज्य में काम
बिंदु के पति प्रवासी मजदूर के रूप में दूसरे प्रदेश में राजमिस्त्री का काम करते हैं। दर्जनों महिला बिंदु से प्रेरणा लेकर अपनी गृहस्थी की गाड़ी चला रही हैं। बिंदु अपने वार्ड की पंच सदस्य भी हैं। इस कार्य में उनके पति गोपाल मंडल का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। बिंदु रानी ने बताया कि लगातार मेहनत करने से सफलता हासिल होना निश्चित है।
उन्होंने बताया कि वार्ड की अन्य महिलाओं को भी खेती सहित अन्य कार्य करने के लिए प्रेरित करती है। जिससे उन्हें आर्थिक संकट से नहीं गुजरना पड़े। बीडीओ मधु कुमारी ने बिंदु के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि अन्य महिलाओं को भी उससे प्रेरणा लेनी चाहिए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।