विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 10, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जीवनदायिनी की जगह काल बन गई हैं शेरघाटी की नदियां, अवैध बालू खनन के कारण जाती हैं जान

By Vyas ChandraEdited By:
Published: Thu, 10 Jun 2021 10:26 AM (IST)

गया के शेरघाटी में बुढिया और मोरहर नदी से अवैध रूप से बालू खनन के कारण जानलेवा गड्ढे बन गए ...और पढ़ें

गया में फल्‍गु नदी से हो रहा अवैध बालू खनन। फाइल फोटो
गया में फल्‍गु नदी से हो रहा अवैध बालू खनन। फाइल फोटो

शेरघाटी (गया),संवाद सहयोगी। गया जिले का प्रमुख अनुमंडल मुख्यालय शेरघाटी दो प्रमुख नदियों के बीच में बसा है। शहर के पूर्वी छोर पर बुढ़िया नदी तो पश्चिमी छोर में मोरहर नदी अवस्थित है। उक्त दोनों नदियों में सरकार द्वारा निर्धारित बालू घाट से बेतरतीब ढंग से गत सात बरसों से बालू का खनन हो रहा है। बालू संवेदक मापदंडों की अनदेखी कर 20 से 30 फीट गहरे तक खुदाई कर बालू खनन में लगे हैं। ऐसे में वर्ष 2014 से अब तक मोरहर और बुढ़िया नदी में डूबने से एक दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है।मंगलवार को उचीरवा गांव सीमा क्षेत्र के मोरहर नदी में पांचू मंडल की मौत के बाद एक बार फिर बालू के अवैध उत्खनन को लेकर आम लोगों में चर्चा बनी हुई है। उल्लेखनीय हो कि वर्ष 2014 से अब तक शेरघाटी थाना क्षेत्र के विभिन्न बालू घाटों पर युवक, किशोर एवं बच्चे के डूबने से मौत का सिलसिला जारी है।

हर वर्ष जा रही लोगों की जान  

स्मरणीय हो कि 3 फरवरी 2014 को मोरहर नदी कूड़ासीन हम्जापुर बालू घाट पर मोहम्मद असलम उम्र लगभग 40 वर्ष की मौत डूबने से हुई। इसी प्रकार 6 जून 2014 को हमजापुर के मोहम्मद रजा 12 वर्ष की मौत, 16 मई 2015 को शुभम राज उम्र 13 वर्ष सत्संग नगर की मौत , 23 मई 2015 को अपने मौसा के घर आए मोहम्मद मोहि 12 वर्ष , 24 मई 2016 को शहर के वार्ड नंबर 1 बालू घाट पर अंकित कुमार एवं आनंद कुमार 10 वर्षीय भाइयों की मौत। जून 2016 वारिसनगर के मोहम्मद समीर की मौत मोरहर नदी में डूबने से हुई। इसी प्रकार 15 अगस्त 2018 को मोहम्मद मुंयन 17 की मौत। 28 अगस्त 2018 को आमस के चितपखुर्द स्थित मोरहर नदी में डूबने से गांव के ही 4 महादलित नाबालिग बच्चों की मौत हुई। एक बार फिर 28 अगस्त 2020 को पिंटू यादव उम्र 28 वर्ष ग्राम मंझनपुर का बुढ़िया नदी में डूबने से मौत ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया था।

गायब युवक का मोरहर नदी में मिला था शव 

उल्‍लेखनीय हो कि शेरघाटी थाना क्षेत्र के ऊंचीरमा गांव के निकट मंगलवार 8 जून 2021 को मोरहर नदी में बालू उत्खनन के बाद ऊभरे गड्ढे में डूब कर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरुआ थाना क्षेत्र के बुधआचक निवासी पांचू मंडल के भागीना बाढो मंडल के रूप में हुई है। वह 3 दिनों से गायब था। घटना की जानकारी लोगों को उस वक्त मिली जब नदी में उभरे गड्ढे में मछली मारने के लिए कुछ युवक वहां पहुंचे। उस दौरान उसकी लाश गड्ढे में मिली। लाश मिलने के बाद आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार मृतक बाढो मंडल गया के खरखुरा स्थित सब्जी बागान में रहकर काम करता था। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल गया भेज दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना को लेकर तहकीकात में जुटी है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया नदी में उभरे पानी में डूबने से मौत हुई है। पुलिस अन्य पहलु पर भी जांच में जुटी है।