वरमाला के बाद दुल्हा हुआ फरार, पिता सहित परिजन गिरफ्तार
बिहार के गया जिले में वरमाला के बाद दूल्हा फरार हो गया। इसके बाद लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे के पिता को बंधक बना लिया। मामला दहेज लेन-देन का बताया जा रहा है।
गया [जेएनएन]। गया जिले के वजीरगंज प्रखंड के मिरगपुर में भोला यादव के घर शुक्रवार को जश्न का माहौल था, क्योंकि उनकी लाडली की बारात आने वाली थी। रिश्तेदार से घर भरा था। शहनाई बज रही थी। घर के लोग बारात के स्वागत की तैयारी में जुटे थे।
शाम में बारात मानपुर के बुनियादगंज थाना के जहानाबाद गांव से बारात आयी। सारे रिश्तेदार व गांव वालों ने बाराती की स्वागत में जुट गए। उसके बाद वैवाहिक रीति रिवाज शुरू हुआ। बाराती बैंड बाजे की धुन पर जनमासे से निकले, दरवाजा लगा और फिर वरमाला हुआ।
इसके बाद दूल्हा सहित सभी बाराती जनमासे में लौट आए। तभी जनमासे में दूल्हा के पिता द्वारा वधू पक्ष से दहेज की रकम मांगे जाने की बात सुन दूल्हा रंजीत कुमार जनमासे से फरार हो गया। फिर क्या होना था। वर-वधू पक्ष सकते में पड़ गए और फिर फरार दूल्हे की खोज शुरू हो गई।
शहनाई वादन बंद हो गई। हलांकि कन्या के पिता ने यह कहते हुए हाथ खड़ा कर दिया कि अपने हैसियत और मांग के अनुसार पूर्व में आपके घर मोटी रकम और सामग्री पहुंचा चुका हूं। लेकिन वर पक्ष के लोग मानने को तैयार नहीं थे।
इसके बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने दूल्हा के पिता सहित नजदीकी रिश्तेदारों को बंधक बना लिया और घटना की सूचना पुलिस को दे दी। मौके का नजाकत समझ अन्य बाराती फरार हो गए। त्वरित कार्रवाई करते पुलिस गांव पहुंच दूल्हे के पिता बिरेन्द्र प्रसाद, दादा पुनाई यादव, चाचा रामनदंन यादव और दूल्हा का बहनोई सुधीर यादव को गिरफ्तार कर थाना ले गई।
यह भी पढ़ें: पिता का अपमान नहीं हुआ बर्दाश्त, मंडप में बैठी दुल्हन ने शादी से किया इंकार
लड़की के पिता के बयान पर सभी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। इस मामले पर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी वर पक्ष के लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामला गंभीर है। वहीं, पुलिसिया कार्रवाई के बाद मामले को सुलझाने का प्रयास समाज के लोगों द्वारा शुरू कर दिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।