विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ पर आस्था और कला का संगम: सूप पर मधुबनी पेंटिंग उकेर रहीं गया की प्रियंका, 200 व्रतियों को देंगी खास सौगात

Published: Mon, 09 Nov 2026 03:44 PM (IST)

प्रियंका गौतम टनकुप्पा, गया में बंशी नदी के तट पर सूप पर मधुबनी पेंटिंग के जरिए छठ महापर्व की महिमा ...और पढ़ें

सूप पर मधुबनी पेंटिंग उकेर रहीं गया की प्रियंका, 200 व्रतियों को देंगी खास सौगात

सूप पर मधुबनी पेंटिंग उकेर रहीं गया की प्रियंका, 200 व्रतियों को देंगी खास सौगात

HighLights

  1. प्रियंका गौतम सूप पर मधुबनी पेंटिंग से छठ की महिमा दर्शा रहीं।

  2. बंशी नदी तट पर बैठकर सूर्यदेव, छठी मइया की आकृतियां उकेर रहीं।

  3. छात्राओं को निःशुल्क मधुबनी पेंटिंग प्रशिक्षण देकर लोककला को बढ़ावा दे रहीं।

हिमांशु गौतम, फतेहपुर (गया)। दीपावली का त्योहार खत्म होते ही छठ महापर्व को लेकर जहां घर-आंगन में तैयारियां शुरू हो गई हैं, वहीं टनकुप्पा में लोककला और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की आदेशपाल कुमारी प्रियंका बंशी नदी के शांत तट पर बैठकर सूप पर मधुबनी पेंटिंग के जरिए छठ महापर्व की महिमा को आकार दे रही हैं।

उनके हाथों से तैयार सूप पर सूर्यदेव, छठी मइया और अर्घ्य देती महिलाओं की आकर्षक आकृतियां उभर रही हैं।

प्रियंका बचपन से ही चित्रकला के प्रति रुचि रखती हैं। उन्होंने मधुबनी चित्रकला की पारंपरिक शैली को सीखा है और पिछले कई वर्षों से इसे आगे बढ़ाने में जुटी हैं।

प्राकृतिक रंगों, बारीक रेखाओं और लोकजीवन से जुड़े प्रतीकों के माध्यम से वह सूप को कलात्मक रूप दे रही हैं। बंशी नदी की लहरों के बीच बैठकर चित्र बनाने का उनका यह अंदाज भी लोगों को आकर्षित कर रहा है।

प्रियंका के अनुसार, उनके लिए यह केवल चित्र बनाने का कार्य नहीं है, बल्कि छठी मइया और मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का माध्यम है। इस बार उनके द्वारा तैयार किए जा रहे सूप छठ व्रतियों को पूजन के लिए भेंट करने की योजना है।

इससे लोककला के साथ छठ की परंपरा को भी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस बार प्रियंका 200 सूप खरीदकर उन पर पेंटिंग करेंगी और छठ पूजन करने वाली व्रतियों को भेंट देंगी।

वह पिछले पांच वर्षों से विभिन्न विद्यालयों और सांस्कृतिक आयोजनों में छात्राओं को निःशुल्क मधुबनी पेंटिंग का प्रशिक्षण दे रही हैं। जिला और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने भाग लेकर सम्मान प्राप्त किया है।

फिलहाल वह कस्तूरबा की छात्राओं को सूप के ऊपर मधुबनी पेंटिंग बनाने की कला सिखा रही हैं और खुद भी सूप पर पेंटिंग कर रही हैं।

विद्यालय की वार्डन मृदुला कुमारी ने बताया कि प्रियंका की मधुबनी पेंटिंग बेहद आकर्षक और जीवंत होती है। उनकी प्रेरणा से विद्यालय की छात्राएं भी मधुबनी चित्रकला सीख रही हैं। इससे छात्राओं में रचनात्मकता के साथ-साथ कौशल विकास को भी बढ़ावा मिल रहा है।

यह भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: 13 को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा महापर्व, गूंजने लगे पारंपरिक लोकगीत

यह भी पढ़ें- छठ में सूप-दउरा की गूंज: यूपी से आकर छपरा में तीन पीढ़ियों से आस्था को आकार दे रहा यह परिवार

यह भी पढ़ें- Chhath Puja: 1000 रुपये तक बिक रहा खास 'मेहीयका दउरा', अपने हुनर से परंपरा को जीवंत कर रहे कारीगर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।