विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ में सूप-दउरा की गूंज: यूपी से आकर छपरा में तीन पीढ़ियों से आस्था को आकार दे रहा यह परिवार

Published: Mon, 09 Nov 2026 02:39 PM (IST)

राजेंद्र बांसफोड़ का परिवार तीन पीढ़ियों से छपरा में छठ पूजा के लिए बांस के सूप और दउरा बना रहा है, जो उनकी आजीविका का मुख्य साधन है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. राजेंद्र बांसफोड़ का परिवार तीन पीढ़ियों से छठ के लिए सूप दउरा बनाता।

  2. छपरा में स्थानीय बांस से तैयार होते हैं मजबूत सूप और दउरा।

  3. यह पारंपरिक हुनर परिवार की आजीविका और पहचान का सहारा है।

अमृतेश, छपरा। छपरा के घाटों पर जब छठी मइया की आराधना की तैयारी शुरू होती है, तो शहर के बाजारों में बांस के सूप और दउरा की बढ़ती मांग से रौनक आने लगती है। इनसे सिर्फ छठ का प्रसाद नहीं सजता, बल्कि कई परिवारों की उम्मीदें और रोजी-रोटी भी जुड़ी होती हैं।

शहर के हवाई अड्डा के समीप उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के फोकहरा गांव से आया राजेंद्र बांसफोड़ का परिवार तीन पीढ़ियों से अपने हुनर के सहारे छपरा की छठ परंपरा से जुड़ा है। यहां बांस की टाटी और पालीथिन से बनी अस्थायी झोपड़ी में दिन-रात सूप और दउरा तैयार किए जा रहे हैं।

तीन पीढ़ियों से छपरा से जुड़ा नाता:

राजेंद्र बांसफोड़ बताते हैं कि उनके दादा शंकर बांसफोड़ और पिता कामेश्वर बांसफोड़ भी छठ के अवसर पर छपरा आकर सूप और दउरा बनाते तथा बेचते थे। अब वही परंपरा वह अपनी पत्नी अनीता देवी और पुत्री सुनीता कुमारी के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।

इस बार उनके भतीजे सुनील बांसफोड़ भी इस काम में हाथ बंटाने पहुंचे हैं। पूरा परिवार नवरात्र के समय ही छपरा आ जाता है और छठ पर्व संपन्न होने के बाद अपने गांव लौटता है।

स्थानीय बांस से आकार लेता है हुनर:

सूप और दउरा बनाने के लिए परिवार के सदस्य छपरा के शेरपुर और बिशुनपुरा से बांस खरीदते हैं। इसके बाद उसे छीलने, चीरने और आकार देने का काम शुरू होता है। महिला और पुरुष सभी सदस्य मिलकर दिन-रात मेहनत करते हैं।

बांस की पतली-पतली पट्टियों को कुशलता से बुनकर सूप और दउरा तैयार किए जाते हैं। इनके बनाए उत्पाद मजबूत और टिकाऊ होते हैं। यही वजह है कि स्थानीय बाजारों में इनकी अच्छी मांग रहती है।

थोक में भी होती है बिक्री, गांव लौटती है अच्छी कमाई:

राजेंद्र बताते हैं कि छपरा के अलावा जिले के विभिन्न इलाकों के कारोबारी भी यहां से थोक भाव में सूप और दउरा खरीदकर ले जाते हैं। छठ के दौरान बिक्री बढ़ने से परिवार को अच्छी आमदनी हो जाती है।

इसी कमाई के सहारे वे सालभर के खर्च और जरूरतों की व्यवस्था करते हैं। उनके लिए छपरा सिर्फ बिक्री का बाजार नहीं, बल्कि तीन पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा, पहचान और परिवार के भरण-पोषण का मजबूत सहारा भी है।

यह भी पढ़ें- Chhath Puja: 1000 रुपये तक बिक रहा खास 'मेहीयका दउरा', अपने हुनर से परंपरा को जीवंत कर रहे कारीगर

यह भी पढ़ें- छठ में क्या होता है सिरसोप्ता और क्यों कुछ महिलाएं इसके पास बैठकर गाती हैं छठी मैया के गीत?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।