नवादा मेें आइएएस अधिकारी दीपक कुमार के घर पर गोलीबारी, भाई थे निशाने पर
राज्य के वन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार के नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के छबैल गांव स्थित घर पर गुरुवार की शाम गोलीबारी की गई। हमलावर के निशाने पर प्रधान सचिव के भाई अर्जुन प्रसाद वीर थे।

कौआकोल (नवादा), संवाद सूत्र। राज्य के वन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार के नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के छबैल गांव स्थित घर पर गुरुवार की शाम गोलीबारी की गई। हमलावर के निशाने पर प्रधान सचिव के भाई अर्जुन प्रसाद वीर थे। वे हमले में बाल-बाल बच गए। गोलीबारी करने वाला बदमाश गांव का ही कारू राम बताया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया।
बाल-बाल बचे लोग
प्रधान सचिव के भाई पूर्व प्रधानाध्यापक अर्जुन प्रसाद वीर ने बताया कि शाम 5 बजे के करीब कारू राम ने गोलीबारी की। इस घटना में सभी बाल-बाल बच गए। उन्होंने कहा कि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है। गोलीबारी करने के बाद आरोपित अपाची मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। थानाध्यक्ष ने लिखित आवेदन देने को कहा है।
पुलिस कप्तान से लगाई सुरक्षा की गुहार
अर्जुन प्रसाद ने कहा है कि उनका तथा उनके परिवार की जान पर खतरा है। उन्होंने जिला पुलिस कप्तान से जानमाल की सुरक्षा की मांग की है। हमलावर कारू राम पूर्व से हत्या के मामले में फरार चल रहा है। जलवाहक रामवरण ठाकुर की हत्या में वह आरोपित है। इधर, एसडीपीओ पकरीबरावां मुकेश कुमार साहा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना को एक दिन पूर्व संपन्न चुनावी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
अपराधियों ने मोटरसाइकिल छिनी
नवादा के कौआकोल थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव निवासी पप्पू लाल की मोटरसाइकिल अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर छीन लिया। पीडि़त व्यक्ति ने बताया कि वे छबैल गांव से लौट रहे थे। इसी बीच गांव के पास ही पूर्व से घात लगाए बैठे अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर मोटर साइकिल को रुकवाया और मोटरसाइकिल छीनकर चलते बने। दिन दहाड़े इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी दहशत है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।