गया में अचानक चलने लगा बुलडोजर, ताबड़तोड़ ढाह दिए गए मकान; अधिकारियों की कार्रवाई से सन्न रह गए लोग
गया-डोभी सड़क निर्माण के लिए डीसीएलआर और अंचल अधिकारी ने दो मकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। मकान मालिकों को मुआवजा देने के लिए कहा गया है लेकिन उन्होंने सरकार की ओर से दिए जा रहे मुआवजे पर असंतोष व्यक्त किया है। हालांकि इस कार्रवाई से गया-डोभी सड़क का रास्ता खुल गया है। निर्माण कंपनियों को नया निर्देश मिला है।
संवाद सूत्र, डोभी(गया)। गया-डोभी सड़क निर्माण में डाकबंगला के पास दो मकान को डीसीएलआर और अंचल अधिकारी ने बुधवार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
अंचल अधिकारी परिक्षित कुमार ने बताया कि उक्त स्थान पर तीन घर के लोग आपस में विवाद करके अधिग्रहित जमीन खाली नहीं कर रहे थे। अधिग्रहित जमीन और मकान का मुआवजा सरकार के द्वारा देने के लिए कई बार नोटिस किया लेकिन इन लोग के द्वारा अभी तक दावा प्रस्तुत नहीं किया।
इधर, सड़क निर्माण कम्पनी के लोग को निर्माण करने में दिक्कत आ रही थी। जिसे लेकर जिलाधिकारी तक अपनी बात पहुंचा दी। शेरघाटी डीसीएलआर के नेतृत्व में स्थानीय डोभी थाना के सहयोग से आज मकान तोड़ा गया।
मकान मालिकों को मिला निर्देश
- मकान मालिक को मुआवजा हेतु जिला भू अर्जन पदाधिकारी के कार्यालय में अपना दावा पेश करने को कहा। जिससे तुरंत पैसा का भुगतान किया जा सके।
- इधर पीड़ित तुलसी केशरी ने बताया कि प्रशासन ने जबरन मकान तोड़ने का कार्य किया है। सरकार के द्वारा लागत और जमीन के वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार मुआवजा नहीं दे रही है।
- इधर एच एच के अधिकारियों ने सड़क निर्माण कंपनी को बचे हुए कार्य को संपादित करने को कहा।
अब तक लिंक रोड से नहीं जुटा राजमार्ग
डोभी-पटना नवनिर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन अब सरपट दौड़ रही है। इसके उलट निर्माण कम्पनी द्वारा सुरक्षा मानकों के अनुसार राजमार्ग पर कार्य नहीं कराया गया है। इससे सड़क कई जगहों पर खतरनाक जोन बन गया है। इन्हीं स्थानों पर छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं।
सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना रहे डोभी-पटना फोरलेन पर संवेदक द्वारा कार्य पूर्ण नहीं किया गया है। उक्त मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए यह मार्ग जानलेवा बन गया है। गया शहर से जहानाबाद जिला की सीमा तक सड़क निर्माण पूर्ण है। यहां सुरक्षा मानकों का नजरअंदाज किया गया है।
इसी राजमार्ग पर बेलागंज बाजार स्थित है। यहां की एक बड़ी आबादी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग गया-पटना या अन्यत्र जाने के लिए उक्त राजमार्ग का उपयोग करते हैं। यहां पर राजमार्ग से जोड़ने के लिए बेलागंज बाजार के उत्तर एवं दक्षिण दिशा में दो लिंक रोड का निर्माण होना है, जो अभी तक नहीं हुआ है।
इस कारण राजमार्ग पर जाने के लिए वाहन किसी भी स्थान से चले जाते हैं। इसके अलावा बेलागंज के चंदौती मोड़, स्टेशन मोड़, खिजरसराय मोड़ से बड़ी संख्या वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। उन जगहों पर अब तक कोई सुरक्षा प्रतीक नहीं लगाया गया है जबकि इन स्थानों पर राजमार्ग से जोड़ा गया है।
बेलागंज बाजार से उत्तरी तरफ एक अंडरपास का निर्माण किया गया है। यहां से पैदल यात्री या छोटी वाहनें प्रसिद्ध काली मंदिर, प्रखंड कार्यालय सहित बेला स्टेशन जा सकते हैं। यह लिंक रोड अभी तक चालू नहीं किया गया है। इस कारण लोग राजमार्ग पर पैदल आर-पार हो रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।