विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 31, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Video: बिहार में तोता से शराब धंधेबाज का पता पूछती रह गई पुलिस, मालिक के सच्चे भक्त ने नहीं खोली अपनी जुबान

By Jagran NewsEdited By: Aditi Choudhary
Published: Tue, 31 Jan 2023 10:43 AM (IST)

बिहार के गया जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें पुलिस एक तोते से शराब ...और पढ़ें

बिहार में तोता से शराब धंधेबाज पता पूछती रह गई पुलिस, मालिक के सच्चे भक्त ने नहीं खोली अपनी जुबान
बिहार में तोता से शराब धंधेबाज पता पूछती रह गई पुलिस, मालिक के सच्चे भक्त ने नहीं खोली अपनी जुबान

गया, जागरण संवाददाता। कुछ साल पहले उत्तर प्रदेश की पुलिस मुंह से गोली चलाने की आवाज निकाल कर एनकाउंटर करने में जुटी थी, तो वहीं अब बिहार पुलिस तोते से शराब धंधेबाजों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस तोते से बात कर शराब धंधेबाज और शराब बनाने के तरीके की जानकारी जुटाने में लगे है। यह अनोखा मामला गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र का है। हालांकि, तोता अपने स्वामी का भक्त निकला और उसने बिहार पुलिस को अपने मालिक के बारे में कुछ भी नहीं बताया। इससे निराश होकर पुलिस की टीम बैरंग लौट गई।

तोते से शराब धंधेबाज का पता पूछती पुलिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर बताया जा रहा है कि दारोगा कन्हैया कुमार अपने दलबल के साथ एक गांव में छापा मारने गए थे। पुलिस ने अपनी तरफ से पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही शराब धंधेबाज और उसके परिवार के सदस्य घर छोड़ कर फरार हो गए।

पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई तो उसे वहां कोई इंसान तो नहीं, लेकिन पिंजरे में कैद एक तोता मिला। तोते ने घर में बाहरी व्यक्ति को आते देखा तो वह जोर-जोर से आवाज निकालने लगा। इस पर पुलिस का ध्यान उसकी ओर गया। टीम को लीड कर रहे दरोगा को लगा कि शायद यह तोता शराब धंधेबाज की कुछ अहम जानकारी दे पाए। यही सोच कर वह तोते से सच्चाई जानने में जुट गए और शराब धंधेबाज का पता पूछने लगे।

हालांकि, पुलिस अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सकी, क्योंकि तोता अपने मालिक का सच्चा भक्त निकला। वह अपने मालिक और घरवालों की आवाज अच्छे से पहचानता था। पुलिस द्वारा कुछ भी पूछने पर उसका एक ही जवाब होता- कटोरे-कटोरे। वीडियो में हम देख सकते हैं कि गुरुआ पुलिस तोते से पूछती है कि शराब धंधेबाज अमृत मल्लाह कहां गया। तोता कहता है- कटोरे-कटोरे। पुलिस बार-बार पूछती रही, पर तोते की ओर से कोई दूसरा जवाब नहीं मिला।

दो-चार बार एक ही बात रटने के बाद तोते ने चुप्पी साध ली और अपनी गर्दन झुका कर शांत हो गया। जब कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस ने फिर दूसरा सवाल पूछा कि अच्छा मिठु तो अमृत मल्लाह कटोरे में शराब बनाता है। इस पर भी तोता कुछ विशेष नहीं बोला। वह सिर्फ कटोरे-कटोरे ही बोलता रहा।

इधर, दारोगा कन्हैया कुमार का कहना है कि यह एक कोशिश थी कि शायद कुछ जानकारी मिल जाए। हालांकि, ऐसा संभव नहीं हो सका। तोता शायद अपने मालिक व उसके परिवार के लोगों की आवाज पहचानता है, जिसकी वजह से उसने कोई जानकारी नहीं दी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।