By Mukesh SrivastavaEdited By: Mohit Tripathi
Updated: Sat, 23 Sep 2023 11:05 PM (IST)
दरभंगा में चाकू से गोदकर भतीजे की हत्या मामले में शुक्रवार को जाले पुलिस ने गुजरात से फरार चल रहे सौतेले चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। तकनीकी सेल की मदद से पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी प्रवेश मिश्रा गुजरात में रह रहा है। इसके बाद नगर एसपी सागर कुमार ने निर्देश पर छापेमारी टीम ने आरोपी को गुजरात के सूरत स्थित हिंडोला इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
जागरण संवाददाता, दरभंगा/जाले: बिहार में दरभंगा के जाले में चाकू से गोदकर भतीजे की हत्या मामले में शुक्रवार को जाले पुलिस ने गुजरात से फरार चल रहे सौतेले चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, नरौछ-बिहारी गांव निवासी प्रवेश मिश्रा उर्फ रविरंजन मिश्रा 29 अप्रैल 2023 को वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था। दूसरी तरफ मामले में आरोपी प्रवेश मिश्रा की पत्नी कुमकुम मिश्रा, पुत्र अतुल कुमार मिश्रा और पुत्री अन्नु मिश्रा भी लोगों को चकमा देकर अपने घर से फरार होने में कामयाब हो गई।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
तकनीकी सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
आरोपियों की खोज में पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इस बीच तकनीकी सेल की मदद से पुलिस को यह जानकारी मिली कि आरोपी प्रवेश मिश्रा गुजरात में रह रहा है।
इसके बाद नगर एसपी सागर कुमार ने निर्देश पर एक टीम छापेमारी करने के लिए रवाना हुई। इस दौरान गुजरात के सूरत स्थित हिंडोला इलाके में स्थानीय पुलिस की सहयोग से छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसकी पत्नी और दोनों संतान का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
शनिवार को जाले पुलिस आरोपी को गुजरात से लेकर दरभंगा पहुंची। नगर एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। शेष आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
घरेलू विवाद में आरोपी ने ली युवक की जान
नरौछ-बिहारी गांव निवासी गिरफ्तार आरोपी प्रवेश मिश्रा के साथ उसके सौतेले भाई अमित कुमार मिश्रा और अनिल कुमार मिश्रा से पैतृक संपत्ति और घड़ारी की भूमि के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।
इसे लेकर 29 अप्रैल 2023 को प्रवेश मिश्रा के साथ उसके सौतेले भाई अमित कुमार मिश्रा के पुत्र उज्ज्वल कुमार मिश्र (18) और विशाल कुमार मिश्र (16) कहासुनी हो गई। देखते ही विवाद बढ़ गया और उज्जवल सहित उसके छोटे भाई विशाल पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गए।
अस्पताल में हुई मौत
दोनों को गंभीर स्थिति में जाले रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उज्जवल को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि, इलाज उपरांत विशाल की जान बच गई।
इसके बाद मृतक के पिता ने अपने सौतेले भाई, उसकी पत्नी और दोनों संतान को आरोपी करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें सभी पर बेटे की चाकू से गोदकर हत्या करने और दूसरे को जख्मी कर देने का आरोप लगाया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।