Bihar Politics: कांग्रेस पार्टी में प्रशांत किशोर ने लगाई सेंध, जन सुराज में शामिल हुईं कद्दावर नेता
कांग्रेस नेता प्रतिभा सिंह ने जन सुराज पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने प्रशांत किशोर के विचारों से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया। प्रतिभा सिंह ने बिहार में बदलाव लाने के लिए जन सुराज के प्रयासों की सराहना की। जिला अध्यक्ष आमिर हैदर ने उनके शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलने की बात कही। प्रतिभा सिंह महिला सशक्तीकरण और युवाओं की भागीदारी के लिए काम करेंगी।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता व बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रतिभा सिंह रविवार को जन सुराज पार्टी (Jan Suraaj Party) में शामिल हो गईं। इसकी घोषणा जन सुराज पार्टी के जिला कार्यालय में की गई।
इस अवसर पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) के विचारों से प्रभावित होकर इस पार्टी में शामिल हुई हैं। उनकी नीति, नीयत और बिहार को बदलने की दिशा में जो प्रयास हो रहे हैं, वे एक नई उम्मीद जगाते हैं।
जिला अध्यक्ष आमिर हैदर ने कहा कि प्रतिभा सिंह के जन सुराज में शामिल होने से संगठन को महिला सशक्तीकरण, युवाओं की भागीदारी और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने में नई ऊर्जा मिलेगी। प्रतिभा सिंह का राजनीतिक जीवन अत्यंत सक्रिय और विविध अनुभवों से भरा रहा है।
कौन हैं प्रतिभा सिंह?
वह वर्तमान में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव और समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र की प्रभारी रही हैं। वह 2004-06 में महिला कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रहीं। इसके बाद 2006-08 में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रहीं।
इसके अलावा 2008-16 में वह महिला कांग्रेस की राज्य सचिव और बांद्रा व मलाड संसदीय क्षेत्रों की प्रभारी भी रहीं। प्रतिभा सिंह न केवल एक प्रभावशाली राजनीतिक नेतृत्वकर्ता रही हैं, बल्कि सामाजिक व शैक्षणिक क्षेत्र में भी उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है। वह 'प्रतिभा विहार अकादमी' और 'लर्निंग व्हील्स ट्रांसपोर्टेशन कंपनी' की संस्थापक हैं।
उन्होंने अस्लम शेख, सुनील दत्त, संजय निरुपम और प्रियंका चतुर्वेदी जैसे कांग्रेस नेताओं के साथ भी कार्य किया है। प्रेसवार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष मो. आमिर हैदर, प्रतिभा सिंह, विप्लव चौधरी, रेखा देवी, निर्मल मिश्रा, मो. मुमताज, प्रो. सुरेन्द्र मोहन यादव, भगवान ठाकुर समेत जन सुराज के कई पदाधिकारी थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।