Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Darbhanga Airport:उत्तर बिहार के यात्रियों के लिए खुशखबरी, दरभंगा-मुंबई के बीच नई उड़ान शुरू

    Updated: Wed, 02 Jul 2025 11:32 AM (IST)

    Darbhanga Airport हवाई मार्ग से दरभंगा से मुंबई के लिए यात्रा करने वालों को एक और विकल्प मिल गया है। स्पाइस जेट और इंडिगो के बाद एक और विमान कंपनी ने यहां से अपनी उड़ान सेवा शुरू की है। इसके आने के बाद से यह उम्मीद की जा रही है कि जहां यात्रियों के पास विकल्प अधिक होंगे वहीं किराया भी कम होगा।

    Hero Image
    इस समाचार के लिए प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    संवाद सहयोगी, जागरण, दरभंगा। दरभंगा- मुंबई हवाई मार्ग पर अकासा एयरलाइंस की उड़ान सेवा मंगलवार से शुरू हो गई। वापसी में तकनीकी कारणों से मुंबई के लिए सीधी उड़ान की अनुमति नहीं मिली। इस स्थिति में फ्लाइट दरभंगा से एक यात्री को लेकर वाया सिलीगुड़ी होते हुए मुंबई के लिए रवाना हुई। सिलीगुड़ी में विमान में मुंबई के लिए अन्य यात्री सवार हुए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वाटर कैनन से स्वागत

    जानकारी के अनुसार पहले दिन 180 सीट वाला विमान पूरे यात्रियों के साथ दरभंगा पहुंचा। विमान 10:55 में मुंबई एयरपोर्ट से दरभंगा के लिए उड़ान भरा। दो घंटा 39 मिनट का सफर तय कर 1:34 बजे यह विमान दरभंगा में उतरा। एयरपोर्ट पर वाटर कैनन से फुहारे डालकर स्वागत किया गया। विमान में आने वाले सभी यात्रियों के बीच केक और चाकलेट बांटे गए।

    यात्रियों ने कहा, थैंक्यू अकासा

    अकासा के अधिकारी की ओर से यात्रियों को गुलाब देकर दरभंगा एयरपोर्ट पर स्वागत किया गया। इस दौरान यात्रियों ने थैंक यू अकासा कहकर खुशी जाहिर की। वहीं दरभंगा से मुंबई जाने वाले प्रथम यात्री को सांसद व दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के अध्यक्ष डा. गोपालजी ठाकुर ने टिकट और बोर्डिंग पास देकर दरभंगा और मुंबई के बीच उड़ान की शुरुआत की।

    अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की तैयारी : सांसद

    इस अवसर पर सांसद डा. ठाकुर ने कहा कि उड़ान सेवा के क्षेत्र में दरभंगा एयरपोर्ट नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। एक तरफ जहां राजस्व के मामले में इस एयरपोर्ट ने एक इतिहास का निर्माण किया है वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में इस एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे बनाने की सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्हाेंने मुंबई के लिए उड़ान सेवा के यात्री को बोर्डिंग पास देकर रवाना किया।

    नाइट लैंडिंग सुविध का किया जा रहा विकास

    एयरपोर्ट अधिकारी तथा अकासा के प्रबंधक ने सांसद डा. ठाकुर को मखान माला एवं पाग अंगवस्त्र से सम्मानित किया। मुंबई के लिए शुरू उड़ान सेवा को मिथिलावासियों के लिए दूरगामी पहल बताते हुए कहा कि मुंबई में रह रहे करोड़ों लोगों को यात्रा करने में सहूलियत होगी। सांसद ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने के लिए नए टर्मिनल भवन, नाइट लैंडिंग की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं एयरपोर्ट पर सीआइएसएफ कैंप की स्थापना हेतु सौ एकड़ जमीन के लिए राज्य सरकार व जिला प्रशासन गंभीरता से पहल कर रहा है।

    कम किराये में आवागमन की जगी उम्मीद

    दरभंगा एयरपोर्ट की शुरुआत आठ नवंबर 2020 को उड़ान योजना के तहत हुई थी। तब से दरभंगा और मुंबई के बीच केवल स्पाइसेजट कंपनी की फ्लाइट प्रतिदिन उड़ान भर रही थी। इस हवाई मार्ग पर अधिक संख्या में यात्री फ्लाइट पकड़ने पहुंचते थे। अचानक फ्लाइट रद होने पर यात्रियों को काफी परेशानी हो रही थी।

    नेपाल तक के यात्री करते सफर

    एक दिसंबर से दरभंगा और मुंबई के बीच सप्ताह में चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार के लिए इंडिगो की विमान सेवा है। इसके बाद और अधिक संख्या में यात्री दरभंगा एयरपोर्ट से सफर करने के लिए आने लगे। अब अकासा की विमान सेवा प्रारंभ होने से मिथिलांचल सहित पड़ोसी देश नेपाल तक के यात्रियों के बीच पर्व त्योहार के मौके पर कम किराये में दरभंगा और मुंबई के बीच आने व जाने के लिए टिकट मिलने की उम्मीद जगी है।

    एक को छोड़ निर्धारित समय या पहले पहुंची फ्लाइटें

    एयरपोर्ट से मंगलवार को 14 विमानों का आवागमन हुआ। एक को छोड़ सभी फ्लाइटें निर्धारित समय या पहले पहुंच गईं। जानकारी के अनुसार मुंबई से दरभंगा आनेवाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 115 निर्धारित समय नौ बजे पहुंच गई। दिल्ली से दरभंगा आनेवाली अकासा की फ्लाइट क्यूपी 1405 निर्धारित समय 10:55 से 15 मिनट पहले पहुंच गई।

    दिल्ली से आने वाली फ्लाइट समय से

    दिल्ली से दरभंगा आनेवाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 937 निर्धारित समय 11 बजे से 10 मिनट पहले पहुंच गई। कोलकाता से दरभंगा आनेवाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई7234 निर्धारित समय 11:55 से 28 मिनट पहले पहुंच गई। मुंबई से दरभंगा आनेवाली अकासा की फ्लाइट क्यूपी 1529 निर्धारित समय 1:30 बजे से चार मिनट विलंब से 1:34 में पहुंची। हैदराबाद से दरभंगा आनेवाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई537 निर्धारित समय 2:20 से पांच मिनट पहले पहुंच गई। दिल्ली से दरभंगा आनेवाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई360 निर्धारित समय चार बजे पहुंची थी।