Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Buxar News: बक्सर में अंधाधुंध फायरिंग, दिनदहाड़े RJD नेता को बदमाशों ने मारी गोली; हालत गंभीर

    Updated: Mon, 26 May 2025 01:56 PM (IST)

    बक्सर के चौसा पावर प्लांट के गेट पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने युवा राजद कार्यकर्ता अर्जुन यादव को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। राजद जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे।

    Hero Image
    अस्पताल में लगी लोगों की भीड़। (जागरण फोटो)

    जागरण संवाददाता, बक्सर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा पावर प्लांट के गेट पर सोमवार की दोपहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने युवा राजद कार्यकर्ता को गोली मार दी।

    अंधाधुंध फायरिंग में राजद कार्यकर्ता को तीन गोलियां लगी हैं। गम्भीर रूप से जख्मी को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गम्भीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार अखौरीपुर गोला निवासी स्व. सुरेंद्र यादव के करीब 35 वर्षीय पुत्र अर्जुन यादव युवा राजद कार्यकर्ता होने के साथ ही पावर प्लांट में ठेकेदारी का भी काम करते हैं।

    सोमवार की दोपहर किसी काम से वह पावर प्लांट में जा रहे थे। जैसे ही प्लांट के गेट पर पहुंचे कि पीछे से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और गोली मारते हुए चौसा गोला की ओर भाग निकले।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हमलावरों की गोली से जख्मी युवा कार्यकर्ता वहीं गिर पड़े। प्लांट के अन्य कर्मियों तथा स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना देते हुए जख्मी को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया।

    चिकित्सक के अनुसार युवक के पैर, पीठ और कनपटी में तीन जगह गोली लगी है। तेजी से हो रहे रक्तस्राव को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल वाराणसी रेफर कर दिया गया।

    इधर घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में मुफस्सिल पुलिस के साथ ही सदर एसडीपीओ धीरज कुमार पहुंचकर जांच में जुट गए। हालांकि, घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए पुलिस उसका बयान नहीं ले सकी।

    गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालते हुए पुलिस हमलावरों की पहचान के प्रयास में जुटी है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही राजद जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह समेत पार्टी के अन्य कार्यकर्ता पहुंचने लगे हैं।