Buxar News: बक्सरवासी हो जाएं सावधान, इस तारीख से दिन-रात सताएगी गर्मी; भीषण लू को लेकर भी जारी हुआ अलर्ट
Buxar Weather Update बक्सर में गर्मी बढ़ने के साथ ही भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने लू का अलर्ट जारी कर दिया है। अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे लू से बचने के लिए सावधानी बरतें और दिन में बाहर निकलने से बचें।
जागरण संवाददाता, बक्सर। हवा की दिशा बदलने के साथ तापमान में तेजी दिखने लगी है। हवा का रुख जैसे ही पुरवा से पछुआ हुआ है, लू अपना असर दिखाने लगी है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र ने पूर्वानुमान जारी कर जिले में लू का अलर्ट घोषित किया है। मंगलवार की दोपहर जारी पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को जिले में दिन से लेकर रात तक तापमान बढ़ा रहेगा।
बुधवार के लिए मौसम विभाग ने राज में उष्ण लहर यानी लू और रात में उष्ण रात्रि का येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार से मौसम का मिजाज और अधिक तल्ख हो जाएगा।
24 से 26 तक जिले में भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसमें दिन तो पछुआ हवा के थपेड़ों से गर्म रहेगा ही, रात को भी तपिश का अहसास होगा।
फिलहाल जिले में न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री से अधिक रिकार्ड किया जा रहा है। मंगलवार को बक्सर का न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सोमवार को भी न्यूनतम तापमान ठीक इतना ही रहा था। बीते सोमवार को अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रहा था।
रविवार को अधिकतम तापमान 38.3, जबकि न्यूनतम 24.4 रहा था। स्पष्ट है कि रविवार के बाद से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।
बीते वर्ष 47 के पार गया था तापमान
अभी अप्रैल का ही महीना चल रहा है और जिले में मई-जून के महीने में तापमान अपने उच्च स्तर तक पहुंचता है। बीते वर्ष 13 जून को बक्सर का अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री तक पहुंच गया था, जो उस दिन के लिए पूरे देश के किसी भी शहर के मुकाबले सर्वाधित रहा था।
उस दिन बक्सर राष्ट्रीय स्तर पर सबसे अधिक गर्म शहर के तौर पर चिह्नित किया गया था। बीते वर्ष मई-जून में शहर का अधिकतम तापमान अधिकतर 44 से 45 डिग्री के बीच रहा था। इस वर्ष भी अच्छी गर्मी पड़ने के आसार दिख रहे हैं।
लू से बचाव को बरतें सावधानी
- हाइड्रेशन: दिनभर पर्याप्त पानी पिएं। नींबू पानी, नारियल पानी, या ओआरएस का सेवन करें।
- कपड़े: हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें। सिर को टोपी, गमछी, पगड़ी या स्कार्फ से ढकें।
- बाहर निकलने का समय: दोपहर में बाहर निकलने से बचें।
- खान-पान: हल्का, ताजा भोजन करें। फल, सब्जियां और सलाद अधिक खाएं।
- ठंडक: पंखे, कूलर या एसी का उपयोग करें। पेड़ की छाया या अन्य ठंडे स्थान पर रहें।
- लक्षणों पर ध्यान: चक्कर, सिरदर्द, या उल्टी जैसे लू के लक्षण दिखें तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें-
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।