Bihar Weather Today: बिहार के 26 शहरों में होगा 'लू' का अटैक, 5 से 6 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान; येलो अलर्ट जारी
Bihar Weather बिहार में पिछले 15 दिनों की राहत के बाद गर्मी फिर से बढ़ गई है। मौसम विभाग ने इस सप्ताह 26 जिलों में लू चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। पटना समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है जिसके कारण भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather News: बिहार में बीते 15 दिनों की राहत के बाद लोगों को गर्मी सताने लगी है। इस सप्ताह प्रदेश के कई जिलों में लू चलने का पूर्वानुमान है। राज्य के अधिसंख्य शहरों का अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। इस कारण लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होगा। इस दौरान भीषण लू भी चलेगी।
इन जिलों में 'लू' का अटैक
बिहार की राजधानी पटना, बेगूसराय, गया, दरभंगा, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया समेत 26 जिलों में 'लू' का रौद्र रूप देखने को मिलेगा।
26 शहरों के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। अगले 24 घंटों के दौरान पटना समेत 26 शहरों में गर्म दिन व आर्द्र दिवस को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त पुरवा हवा के कारण उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। अगले पांच दिनों तक मौसम से विशेष राहत के आसार नहीं हैं।
सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस व 42.4 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इसके पूर्व छह अप्रैल को प्रदेश का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
सोमवार को इन शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
सोमवार को गया, गोपालगंज, औरंगाबाद, विक्रमगंज का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया। मुंगेर, अगवानपुर, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज व कटिहार को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना व आसपास इलाकों में उमस भरी गर्मी के कारण लोग पूरे दिन व रात्रि में परेशान रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।