Ara News: आरा जंक्शन ने तोड़ा यह रिकॉर्ड, रेलवे को कर दिया खुश; बक्सर समेत कई स्टेशनों को छोड़ दिया पीछे
Ara News आरा जंक्शन ने कमाल करते हुए सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दरअसल कमाई के मामले में रेलवे को मालामाल कर दिया। रेलवे को वर्तमान वित्तीय वर्ष में इस स्टेशन से 114 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल हुआ है जो कि पहली बार सौ करोड़ से ज्यादा का आंकड़ा है। आरा जंक्शन से एक साल में 12 करोड़ 76 लाख लोगों ने यात्रा की है।
रितेश चौरसिया, आरा। Ara News: सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने में जुटी रेलवे का राजस्व भी टाप स्पीड में भाग रहा है। इसका अनुमान इससे भी लगाया जा सकता है कि आरा जंक्शन पहली बार रेलवे को सौ करोड़ से ज्यादा राजस्व देने वाले स्टेशनों में शामिल होने जा रहा है।
वर्तमान वित्तीय वर्ष की तीसरी तिवारी का राजस्व आंकड़ा जारी हुआ है, जिसमें रेलवे को आरा जंक्शन से 114 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल हुआ है। इससे पहले आरा जंक्शन से सर्वाधिक राजस्व संग्रह पिछले साल हुआ था, जब रेलवे को यहां से 98 करोड़ का राजस्व हासिल हुआ था।
रेलवे जोन के अंतर्गत राजस्व हासिल करने वाले टाप-50 स्टेशन का लिस्ट जारी किया गया है। इसमें आरा जंक्शन ने टॉप 10 में स्थान बनाते हुए आठवीं रैकिंग को हासिल किया है। आरा जंक्शन पर यूटीएस(अनरिजर्वड टिकटिंग सिस्टम) से 33 करोड़ 34 लाख मिला है।
वही, पीआरएस(कंप्यूटराइज्ड पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम) से 81 करोड़ 55 लाख प्राप्त हुआ है। एक साल में 12 करोड़ 76 लाख 35 हजार लोगों ने यात्रा की है। देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था के बीच यात्री परिवहन में रेलवे पर बढ़ती निर्भरता का असर है कि आरा जैसे छोटे जंक्शन से भी रेलवे को सौ करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व हासिल किया है।
वित्तीय वर्ष अप्रैल से मार्च तक होता है। ऐसे में इस बार आंकड़ा डेढ़ अरब तक पहुंचने की उम्मीद लगाई जा रही है। वर्ष 2023-24 में आरा जंक्शन ने रेलवे को 98 करोड़ 65 लाख रुपये का योगदान दिया था। बीते वित्तीय वर्ष में नवंबर तक राजस्व का आंकड़ा 70 करोड़ रुपये से नीचे रहा था।
राजस्व के बावजूद नहीं मिल रही ट्रेनें
आरा उपलब्धि इसलिए भी खास है कि यहां से लंबी दूरी की महज दो ट्रेनों का ही नियमित परिचालन होता है। जबकि, कई ऐसे स्टेशन आरा से पीछे हैं, जहां से अधिक संख्या में लंबी दूरी की ट्रेनें खुलतीं हैं।
जन सुविधाओं के मामले में भी आरा जंक्शन की स्थिति दयनीय है। राजस्व के मामले में सूची में शीर्ष पर पटना, दूसरे पर दानापुर, तीसरे पर मुजफ्फरपुर, सात पर राजेन्द्र नगर तथा आरा से पीछे नौवें स्थान पर पाटलिपुत्र है। वहीं, बक्सर 10 वे नंबर पर है।
यात्री सुविधाओं के मामले में फिसड्डी
राजस्व के मामले में नए कीर्तिमान गढ़ रहा आरा जंक्शन यात्री सुविधाओं के मामले में फिसड्डी है। न ढंग का टायलेट है और न ही प्रतीक्षालय है। एक प्रतीक्षालय है भी तो वह कुलियों को दे दिया गया है।
प्लेटफार्म नंबर दो की ऊंचाई कम होने से आए दिन हादसे होते हैं और ट्रेन में चढ़ने-उतरने के क्रम में यात्रियों की जान जाती है। सभी प्लेटफार्म पर एस्कलेटर तक नहीं है। दो नंबर प्लेटफार्म पर डेढ़ सालों से रैंप बन रहा है, लेकिन पूरा नहीं हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।