RJD : स्थापना दिवस की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता, कई पदों पर हुआ मनोनयन
राजद ने अपने स्थापना दिवस की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही कई कार्यकर्ताओं को विभिन्न पदों पर मनोनीत किया गया। वहीं पेट्रो पदार्थों की कमीतों में बढ़ोतरी पर विरोध किया है।
भागलपुर, जेएनएन। राजद अपना 24 वां स्थापना दिवस पांच जुलाई को मनाएगा। जिले में स्थापना दिवस की तैयारी शुरू हो गई है। प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक स्थापना दिवस मनेगा। प्रदेश महासचिव डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने कहा कि नेता पार्टी मुख्यालय के निर्देश पर तैयारी शुरू हो गई है। स्थापना दिवस के मौके पर जनता को एनडीए सरकार के किए गए कार्यो से रूबरू कराया जाएगा। साइकिल जुलूस निकालकर केंद्र व राज्य सरकार का विरोध किया जाएगा। जिला अध्यक्ष चंद्रेशखर यादव के नेतृत्व में जिला मुख्यालय, प्रखंड अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय और पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में पंचायत स्तर पर कार्यक्रम होगा। इस दौरान पूर्व सांसद, विधायक माननीय सहित कई गणमान्य रहेंगे। पूरे जिले में इसकी तैयारी की जा रही है।
राष्ट्रीय प्रधान महासचिव बनने पर बधाई
राजद के वरीय नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी को राष्ट्रीय प्रधान महासचिव बनाए जाने पर प्रदेश महासचिव डॉ. चक्रपाणि हिमांशु, जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता अरुण यादव, सुनील सिंह, अमर साह, प्रकाश सिंह कुशवाहा, सरवर इमाम, अमर कुमार, अमर यादव, राहुल कश्यप, बेबी देवी, अली आजमी, साधो यादव, मु. अनवर ने बधाई दी है। सभी ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
अंसारी बने युवा राजद के जिला महासचिव
शाहकुंड प्रखंड के सजौर गांव निवासी उमर ताज अंसारी को राष्ट्रीय जनता दल युवा मोर्चा के जिला महासचिव के पद पर मनोनयन किया गया है। यह मनोनयन युवा राष्ट्रीय जनता दल के जिला अध्यक्ष रहमत उद्दीन के द्वारा किया गया है।
मूल्यवृद्धि के खिलाफ राजद ने पीएम और सीएम का पुतला फूंका
डीजल और पेट्रोल में के दामों में वृद्धि के खिलाफ राजद कार्यकर्ताओं ने शाहकुंड बाजार के असरगंज मोड़ पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड राजद अध्यक्ष कन्हाई प्रसाद सिंह ने किया। मौके पर राजद के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, जिला उपाध्यक्ष साधो यादव, जिला प्रधान महासचिव विश्वजीत कुशवाहा, जिला महासचिव सकलदेव यादव आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।